मंडी – पंडोह डैम के पास अनियंत्रित होकर नदी किनारे जा गिरा टैंकर

“ड्राईवर ने स्टार्ट किया टैंकर, चलाते ही हो गया अनियंत्रित, नदी किनारे जा गिरा पंडोह डैम के पास,  आज सुबह हुआ हादसा, उना से लेह सेना के लिए कैरोसीन की सप्लाई ले जा रहा था टैंकर”
 
मंडी 04 / 10 / 2024 नीतू कौशल की रिपोर्ट 
 
उना से लेह सेना के लिए कैरोसीन की सप्लाई ले जा रहा टैंकर पंडोह डैम के पास अनियंत्रित होकर नदी किनारे जा गिरा। हादसे में चालक घायल हो गया है जिसका जोनल हास्पिटल मंडी में उपचार जारी है।
 
मिली जानकारी के अनुसार यह टैंकर चालक रात को पंडोह डैम से थोड़ा पहले रात्रि विश्राम के लिए रूका हुआ था। आज सुबह जब यह जाने लगा और टेंकर को स्टार्ट किया तो उसके बाद इसे चलाते ही टेंकर अनियंत्रित हो गया और सीधे नदी किनारे जा गिरा।
 
मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और खुद भी राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। पंडोह पुलिस चौकी की टीम और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची जिसकी मदद से घायल टेंकर चालक को जोनल हास्पिटल मंडी में उपचार के लिए भर्ती करवा दिया गया है।
 
चालक की पहचान 58 वर्षीय गुरजीत सिंह पुत्र जोध सिंह निवासी गांव व डाकघर डकयाणा, जम्मू कश्मीर के रूप में हुई है। टेंकर का नंबर जेके 02 सीए 6337 है।
 
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना संबंधी मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।