हिमाचल / ऊना : झलेड़ा की मारुति वर्कशॉप में लगी भीषण आग
ऊना में भीषण अग्निकांड: मारुति वर्कशॉप में लगी भयंकर आग, 12 घंटे बाद पाया काबू, 1 करोड़ का भारी नुकसान
ऊना: द पॉलिटिक्स अगेन
ऊना जिला के झलेड़ा क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां स्थित ‘कम्पिटेंट मारुति वर्कशॉप’ में अचानक भयंकर आग लग गई, जिसने भारी तबाही मचाई है।
सुबह करीब 4:48 बजे भड़की इस आग ने देखते ही देखते इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि इसे पूरी तरह बुझाने में फायर ब्रिगेड को 12 घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
जलकर खाक हुआ लाखों का सामान, गाड़ियां रहीं सुरक्षित
आग लगने से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वर्कशॉप के भीतर रखे स्पेयर पार्ट्स, कीमती टूल्स, रिकॉर्ड रूम और अन्य जरूरी सामान आग की भेंट चढ़कर पूरी तरह राख हो गए।
हालांकि, इस भयानक अग्निकांड में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से वर्कशॉप के साथ लगे शोरूम में खड़ी नई और मरम्मत के लिए आई पुरानी गाड़ियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने लगाए 14 चक्कर
अग्निशमन अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि इस बड़े अग्निकांड से निपटने के लिए विभाग की तीन गाड़ियों को लगाया गया था।
आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इन तीन गाड़ियों को पानी लाने के लिए कुल 14 चक्कर लगाने पड़े।
गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी तरह के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है।
शॉर्ट सर्किट हो सकता है आग का कारण
होमगार्ड कमांडेंट हितेश लखनपाल ने जानकारी दी कि इस हादसे में कंपनी को लगभग 90 से 95 लाख रुपये (करीब एक करोड़) का भारी नुकसान हुआ है।
कंपनी को सिर्फ स्पेयर पार्ट, स्ट्रक्चर व अन्य सामान के जलने से क्षति हुई है, जबकि वाहन पूरी तरह सुरक्षित हैं।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की गहन जांच कर रहे हैं।












