लखनऊ एयरपोर्ट: ईरान तनाव से खाड़ी देशों की 8 उड़ानें रद्द, यात्री परेशान
” ईरान युद्ध का असर: लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से खाड़ी देशों की 8 उड़ानें रद्द, 450 से अधिक टिकट कैंसिल; रिफंड के लिए भटक रहे यात्री “
लखनऊ : द पॉलिटिक्स अगेन : वरुण यादव की रिपोर्ट
ईरान पर हमले और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण खाड़ी देशों की उड़ानों का संचालन बुरी तरह गड़बड़ा गया है।
इसका सीधा असर लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय (अमौसी) एयरपोर्ट पर देखने को मिल रहा है।
ईरान और दुबई का एयरस्पेस बंद होने के कारण अमौसी एयरपोर्ट से खाड़ी देशों के बीच विमानों का संचालन सामान्य नहीं हो पा रहा है।
8 उड़ानें रद्द, 450 से ज्यादा टिकट कैंसिल
बृहस्पतिवार को दम्माम, दुबई, अबुधाबी और शारजाह से आने-जाने वाली 8 उड़ानें निरस्त रहीं। हालांकि पहले यह संख्या 17 थी, लेकिन अब भी हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं।
उड़ानें रद्द होने के कारण 450 से अधिक यात्रियों को अपने टिकट निरस्त करवाने पड़े हैं। एयरलाइनों ने यात्रियों को सवा दो लाख रुपये का रिफंड जारी किया है।
कई विमानन कंपनियों ने हालात सामान्य होने के बाद यात्रियों को नए सिरे से टिकट जारी करने का आश्वासन दिया है।
रद्द हुई प्रमुख उड़ानें:
-
जाने वाली उड़ानें: दुबई की एयर इंडिया एक्सप्रेस (IX-193), अबुधाबी के लिए इंडिगो (6E-1415), और दम्माम के लिए इंडिगो (6E-097)।
-
आने वाली उड़ानें: शारजाह से इंडिगो (6E-1424), दुबई से एयर इंडिया एक्सप्रेस (IX-198 और IX-194), अबुधाबी से इंडिगो (6E-1416), और दम्माम से इंडिगो (6E-098)।
रिफंड के लिए परेशान यात्री, काउंटरों पर लगा रहे चक्कर
अमौसी एयरपोर्ट पर यात्री और उनके परिजन विमानों की सही जानकारी लेने के लिए काउंटरों के चक्कर काटते नजर आए। उड़ानें रद्द होने के साथ-साथ यात्री रिफंड को लेकर भी भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं।
-
दुबई से लखनऊ का टिकट बुक कराने वाले धीरेंद्र सिंह 3 मार्च को अपनी उड़ान निरस्त होने के बाद से अब तक रिफंड के लिए परेशान हैं।
-
रियाद जाने वाले मोहम्मद इखलाक अहमद का टिकट भी एयरस्पेस बंद होने से निरस्त हो गया। एयरलाइन का कहना है कि पैसा टिकट एजेंट के खाते में भेज दिया गया है, लेकिन यात्री तक अब तक रिफंड नहीं पहुंचा है।












