झारखंड : रांची में छात्रों का प्रदर्शन तेज, 14वीं JPSC पीटी परीक्षा होगी रद्द
JPSC विवाद: रांची में छात्रों का प्रदर्शन तेज, बैकफुट पर सरकार, 14वीं पीटी परीक्षा होगी रद्द!
रांची (झारखंड): द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
झारखंड की राजधानी रांची में प्रतियोगी परीक्षाओं (JPSC और JSSC) में हुई कथित धांधली और पेपर लीक के खिलाफ पिछले 16 दिनों से छात्रों का भारी प्रदर्शन जारी है।
अपनी मांगें पूरी न होने पर प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने 10 अगस्त को झारखंड विधानसभा भवन का घेराव करने की कड़ी चेतावनी दी है।
छात्रों के इस उग्र आंदोलन को देखते हुए राज्य सरकार अब बैकफुट पर नजर आ रही है।
रद्द हो सकती है 14वीं JPSC पीटी परीक्षा
सूत्रों के मुताबिक, छात्रों के भारी दबाव के बीच हेमंत सरकार 14वीं JPSC (झारखंड लोक सेवा आयोग) प्रारंभिक परीक्षा (PT) को रद्द करने पर विचार कर रही है।
इसके साथ ही कई अन्य विवादित परीक्षाओं को भी रद्द किया जा सकता है। प्रदर्शनकारी लंबे समय से इन परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर धांधली का आरोप लगाते हुए इन्हें रद्द करने की मांग कर रहे हैं।
इसके अलावा, सरकार सीआईडी (CID) या सीबीआई (CBI) की जगह पूरे मामले की ‘न्यायिक जांच’ (Judicial Probe) कराने पर भी सहमति बना सकती है।
तीसरे दौर की वार्ता आज, टिकी हैं निगाहें
फिलहाल मामले को सुलझाने के लिए झारखंड सरकार के मंत्रियों और प्रदर्शनकारी छात्रों के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत का दौर जारी है।
-
रांची में ‘जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच’, ‘देवेंद्र मेहतो ग्रुप’, ‘ऑल इंडिया स्टुडेंट एसोसिएशन’ (AISA) और ‘एनएसयूआई’ (NSUI) के बैनर तले छात्र डटे हुए हैं।
-
सरकार की ओर से शुक्रवार और शनिवार को हुई दो दौर की बातचीत बेनतीजा रही।
-
10 अगस्त के विधानसभा घेराव से पहले रविवार को होने वाली तीसरे दौर की बैठक बेहद अहम मानी जा रही है, जिससे आंदोलन की आगे की दिशा तय होगी।
विधायक जयराम महतो का 24 घंटे का निर्जला अनशन
छात्रों के इस आंदोलन को राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। विधायक जयराम महतो रविवार को रांची के पुराने विधानसभा परिसर में छात्रों के समर्थन में 24 घंटे के एक दिवसीय निर्जला अनशन पर बैठे हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट कर कहा कि वह जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ पिछले 15 दिनों से चल रहे छात्र आंदोलन के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं।
इसके साथ ही, रांची में जारी इस आंदोलन को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के प्रतिनिधिमंडल का भी समर्थन मिला है। पार्टी ने कहा है कि जहां भी छात्रों के हकों के साथ अन्याय होगा, वे उनके साथ खड़े रहेंगे।
CID का एक्शन: JPSC के 3 सदस्यों को समन
इधर, 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में गड़बड़ी की जांच कर रही सीआईडी (CID) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है।
सीआईडी ने आयोग के तीन मौजूदा सदस्यों— डॉ. अजिता भट्टाचार्य, डॉ. अनिमा हांसदा और डॉ. जमाल अहमद को पूछताछ के लिए समन जारी किया है।
इन तीनों सदस्यों से सोमवार को पूछताछ की जाएगी, ताकि परीक्षा प्रक्रिया और उससे जुड़े फैसलों की गहराई से पड़ताल की जा सके।











