जौनपुर / शाहगंज : पुलिस मुठभेड़ में छह बदमाश गिरफ्तार

“खुटहन थाना क्षेत्र के नायरा पेट्रोल पंप के समीप रविवार की रात करीब एक बजे पुलिस व बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। इन दोनों के अलावा चार अन्य को भी गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाशों को सीएचसी से जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया”

जौनपुर / शाहगंज 17 / 06 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

पुलिस के अनुसार, सभी बदमाश लूट के एक मामले में आरोपी हैं। सीओ शाहगंज अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि रविवार की देर रात सूचना पर शाहगंज और खुटहन थाने की पुलिस टीम ने खुटहन के नायरा पेट्रोल पंप के पास घेरेबंदी कर कार सवार बदमाशों को रोका।

इस पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। इन दोनों के अलावा अन्य चार को भी दबोच लिया गया। पूछताछ में गिरफ्तार बदमाशों ने 6 जून को खुटहन रोड स्थित निजामपुर में टूर एंड ट्रेवेल्स और ग्राहक सेवा केंद्र पर लूट की वारदात अंजाम देने की बात कबूल की।

संचालक मोहम्मद सऊद को गोली मारकर बदमाश लैपटॉप लूट ले गए थे। घायल बदमाशों में निजामाबाद निवासी राजमन कुमार उर्फ राज व तहबरपुर निवासी रोबिन कुमार शामिल हैं। अन्य चार बदमाश आजमगढ़ के निजामाबाद निवासी शिवांग सिंह, कप्तानगंज निवासी राजन कुमार उर्फ राज, रिंकू कुमार उर्फ प्रिंस, लखनऊ के जानकीपुरम निवासी शिवम सिंह हैं।

पुलिस ने चार तमंचे, चार खोखे, दो कारतूस के अलावा लूटा गया लैपटॉप व घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। सभी अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए चालान न्यायालय भेज दिया गया।