जौनपुर – भ्रष्टाचार की शिकायत पाए जाने पर रिकवरी के साथ ही कड़ी कार्यवाही की जायेगी – जिलाधिकारी

“जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में जनपद के सभी विकासखंडो में मनरेगा के अंतर्गत 10 सबसे अधिक व्यय करने वाली ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव, खंड विकास अधिकारियों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में संपन्न हुई”

जौनपुर 11 नवम्बर, 2024 वरुन यादव की रिपोर्ट 

जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में जनपद के सभी विकासखंडो में मनरेगा के अंतर्गत 10 सबसे अधिक व्यय करने वाली ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव, खंड विकास अधिकारियों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में संपन्न हुई।
 
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मनरेगा के तहत कराए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता अच्छी हो। जो भी कार्य कराए जाए, जनोपयोगी होना चाहिए।उन्होने निर्देशित किया कि मनरेगा के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों में भ्रष्टाचार की शिकायत पाए जाने पर रिकवरी के साथ ही कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान उन्होंने ग्राम प्रधानों से मनरेगा के अंतर्गत कराए गए कार्यों के संबंध में जानकारी ली।
 
जिलाधिकारी ने सभी ग्राम प्रधानों और सचिवों को निर्देशित किया कि गौ आश्रय स्थलों में गोवंशो को हरा चारा और ठंड से बचाव के सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित कर लिए जाएं ।
 
उन्होंने कहा कि पौधरोपण एक सतत प्रक्रिया है गो आश्रय स्थल में अच्छी गुणवत्ता के पौधे लगाए जाएं। जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों से कहा कि सभी अपने अपने ग्राम पंचायत में पात्र व्यक्तियों को पेंशन और आयुष्मान कार्ड का लाभ दिलवाने में सहयोग प्रदान करें और मृतक के उत्तराधिकार का नाम 15 दिन के भीतर लेखपाल दर्ज नहीं कर रहा है तो उसकी सूची उपलब्ध कराए।
 
जल जीवन में रेस्टोरेशन की प्रक्रिया के संबंध में लिखित रूप में अपना फीडबैक प्रदान करें। इसके साथ ही पराली जलाने वालों पर कार्यवाही करने और पराली दान करने का अभियान शुरू करने के निर्देश दिए।
 
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी साई तेजा सीलम, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट इशिता किशोर, डीसी मनरेगा सुशील त्रिपाठी, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी (मनरेगा) मोहम्मद निजामुद्दीन सहित समस्त खंड विकास अधिकारी सचिव एवं ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।