जौनपुर : पति ने प्रेमी से करवाई पत्नी की शादी, मंदिर ले जाकर भरवाई मांग

“जौनपुर स्थित सुइथाकलां के जंगीपुर गांव में पति ने सोमवार को सरायमोहिउद्दीनपुर स्थित दुर्गा मंदिर में अपनी ही पत्नी की शादी उसके प्रेमी के साथ करा दी। शादी के बाद अपने भीगी आंखों से दोनों को विदा कर दिया”

जौनपुर 18 / 06 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

जंगीपुर निवासी अरविंद बिंद ने साल 2023 में धूमधाम से खेतासराय थाना क्षेत्र के जमदहा निवासी रीता से शादी की थी। शादी के बाद कुछ महीने तक ससुराल में रहने के पश्चात अरविंद पत्नी रीता को लेकर नोएडा चला गया।

वहां पर पति ने देखा कि रीता अक्सर किसी लड़के से फोन पर बात करती थी। पूछने पर पत्नी ने रिश्तेदार से बात करने का हवाला देते हुए बात को टाल दिया, तभी से पति के अंदर शक हो गया। 

इसी दौरान पत्नी की तबीयत खराब हुई और उसने मायके जाने की जिद की तो पति ने पत्नी को मायके भेज दिया। कुछ दिन तक पति पत्नी में सामान्य बातचीत फोन पर होती रही फिर अचानक पत्नी का फोन बंद हो गया।

ससुराल में फोन करने पर पता चला कि वह अपनी बहन के यहां गई है। फिलहाल ससुराल वालों द्वारा पत्नी से किसी तरह बात हुई और परिजनों के समझाने-बुझाने के बाद पुनः पति अपने घर पत्नी को ले आया, यहां न रहने की बात कहते हुए मर जाने की धमकी पर उसे अपने साथ पति नोएडा ले कर चला गया। जहां पत्नी ने पति को सारी बात बताई। 

इसके बाद पत्नी ने कथित प्रेमी के साथ रहने के लिए जिद करने लगी। काफी समझाने बुझाने के बाद भी जब पत्नी नहीं मानी तब आखिरकार इस हठ के आगे झुकते हुए पति ने सोमवार शाम नोएडा से पत्नी को साथ लाकर प्रेमी को सरायमोहिउद्दीनपुर स्थित दुर्गा मंदिर पर बुलवाया। जहां दोनों की शादी करवा दी।