जौनपुर: दिव्यांग छात्राओं को मुफ्त ई-ट्राईसाइकिल, जल्द करें आवेदन
जौनपुर: स्कूल जाने वाली दिव्यांग छात्राओं को मिलेगी मुफ्त ई-ट्राईसाइकिल, एक सप्ताह में करें आवेदन”
जौनपुर: द पॉलिटिक्स अगेन : वरुण यादव की रिपोर्ट
जनपद में स्कूल और कॉलेज जाने वाली दिव्यांग छात्राओं के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा चालू वित्तीय वर्ष में शिक्षण प्राप्त कर रही दिव्यांग छात्राओं को मुफ्त ई-ट्राईसाइकिल (E-Tricycle) देने की योजना शुरू की गई है।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राजेश कुमार नायक ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य दिव्यांग छात्राओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। पात्र छात्राएं विकास भवन स्थित कार्यालय में जल्द से जल्द अपना आवेदन जमा कर सकती हैं।
योजना का लाभ लेने के लिए पात्रता और शर्तें
इस निःशुल्क ई-ट्राईसाइकिल योजना के लिए विभाग ने कुछ विशेष नियम और शर्तें निर्धारित की हैं:
-
शारीरिक स्थिति: छात्राएं मस्क्यूलर डिस्ट्रोफी, स्ट्रोक, सेरेब्रल पाल्सी, हीमोफीलिया आदि से ग्रसित हों।
-
संचालन क्षमता: आवेदक की दृष्टि और मानसिक स्थिति अच्छी होनी चाहिए। साथ ही, कमर के ऊपर का हिस्सा स्वस्थ होना चाहिए ताकि वे ई-ट्राईसाइकिल पर बैठकर अपने हाथों से उपकरण को सुरक्षित रूप से चला सकें।
-
दिव्यांगता प्रतिशत: मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) द्वारा 40 प्रतिशत या उससे अधिक की दिव्यांगता प्रमाणित होनी चाहिए।
-
आयु एवं निवास: दिव्यांग छात्रा की आयु 16 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए और वह जौनपुर जनपद की स्थायी निवासी हो।
-
प्राथमिकता: सबसे पहले गरीबी रेखा से नीचे (BPL) जीवन यापन करने वाले लाभार्थियों को योजना का लाभ दिया जाएगा।
-
शैक्षणिक प्रमाण: छात्रा जिस संस्थान में पढ़ रही है, वहां के संस्थाध्यक्ष (प्रिंसिपल/हेड) द्वारा जारी किया गया प्रमाण-पत्र अनिवार्य है।
आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज
ई-ट्राईसाइकिल प्राप्त करने की इच्छुक छात्राओं को निम्नलिखित दस्तावेज संलग्न करने होंगे
-
दिव्यांगता प्रमाण-पत्र
-
आय, जाति और निवास प्रमाण-पत्र
-
यूडीआईडी (UDID) कार्ड और आधार कार्ड
-
शिक्षण संस्थान द्वारा जारी प्रमाण-पत्र
-
दिव्यांगता दर्शाता हुआ एक नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो
-
सक्रिय मोबाइल नंबर
आवेदन प्रक्रिया
पात्र छात्राएं उपर्युक्त सभी दस्तावेजों के साथ अपना आवेदन एक सप्ताह के अंदर ‘जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, जौनपुर’ में जमा करा सकती हैं।











