जौनपुर मुठभेड़: मड़ियाहूं में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
मड़ियाहूं में पुलिस मुठभेड़: किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का तीसरा मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
जौनपुर : द पॉलिटिक्स अगेन : वरुण यादव की रिपोर्ट
मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में किशोरी के साथ हुए सनसनीखेज सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
बीती रात हुई एक मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने इस जघन्य अपराध के तीसरे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर उसका एक अन्य साथी मौके से भागने में सफल रहा।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) परमानंद कुशवाहा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मड़ियाहूं कोतवाली प्रभारी दीपेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी।
इसी बीच मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि सामूहिक दुष्कर्म का वांछित आरोपी मंझनपुर निवासी शिवम राजभर उर्फ गोलू अपने एक साथी के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहा है और उसके पास अवैध असलहा भी है।
केड़वारी मोड़ पर हुई घेराबंदी और फायरिंग
इस पक्की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केड़वारी मोड़ पर घेराबंदी कर दी।
जब संदिग्ध बाइक को रुकने का इशारा किया गया, तो बदमाशों ने हड़बड़ाहट में भागने का प्रयास किया, जिससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
खुद को पुलिस से घिरा हुआ देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली 21 वर्षीय आरोपी शिवम राजभर के पैर में जा लगी।
घायल आरोपी को तत्काल इलाज के लिए सीएचसी मड़ियाहूं ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
अवैध हथियार बरामद, चौथे आरोपी की तलाश तेज
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी शिवम के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अब फरार चल रहे चौथे और आखिरी आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है। सीओ परमानंद कुशवाहा ने सख्त लहजे में स्पष्ट किया है कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी दोषी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।











