हिमाचल समाचार – झाड़माजरी में एलपीजी गैस रिसाव से ब्लास्ट, घटना में दो घायल, पीजीआई रैफर

“सांकेतिक चित्र ”

“बरोटीवाला के झाड़माजरी में एलपीजी गैस रिसाव के बाद हुए ब्लास्ट में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया है। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है”

बद्दी 31 / 08 / 2024 संतोष प्रजापति की रिपोर्ट 

धमाका इतना जोरदार था इसकी गूंज जहां काफी दूर तक सुनाई दी वहीं इससे कमरे में रखा फ्रिज फट गया और कमरे की दीवारें व रैलिंग भी ढह गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और घटना के कारणों की पड़ताल शुरू करते हुए साक्ष्य जुटाए।

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे झाड़माजरी स्थित मकान में गैस रिसाव के बाद हुए धमाकें में घर में रखा फ्रिज फट गया और कमरे की दीवारें ढह गई, जिससे दो लोग घायल हो गए।

दोनों युवकों का सारा सामान व मोबाइल फोन भी वहीं फर्श पर पड़े रहे गए हैं। धमाके की गूंज सुनकर  मौके पर पहुंचे लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

घटना में घायल गौरव कुमार पुत्र पाल निवासी जिला बदायूं उत्तर प्रदेश, तरसेम सिंह पुत्र सावन सिंह निवासी घर नंबर 366ए गांव गोरगांव खास, जिला कांगड़ा को एंबुलेंस में अस्पताल पहुंचाया जहां से उन्हें पीजीआई रैफर कर दिया गया।

बता दें कि तरसेम सिंह स्थानीय उद्योग में कार्यरत है और वह झाड़माजरी में सुरेंद्र पाल के किराए के मकान में रह रहा था।

शुक्रवार सुबह आठ बजे उसके पास गौरव कुमार आया, इसी दौरान हुए एक जोरदार धमाके के साथ फ्रिज फट गया और कमरे की दीवारें व रेलिंग जमींदोज हो गई।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है की एलपीजी गैस का रिसाव हो रहा था जिससे गैस कमरे में भर गई और अचानक फ्रीज खोलते ही ब्लास्ट हो गया।

सूचना मिलते ही एसपी बद्दी इल्मा अफ रोज ने तुरंत घटनास्थल का दौरा किया और विशेषज्ञों के साथ इस घटना के विभिन्न पहलुओं पर गहन चर्चा की।

एसपी बददी इल्मा अफरोज ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें पीजीआई में भर्ती किया गया है।