UP Police team arriving at the crime scene in Kotwa village, Azamgarh after a youth was shot over an old rivalry

आजमगढ़ के रानी की सराय में फायरिंग, युवक को मारी गोली

आजमगढ़ में पुरानी रंजिश का खूनी खेल: रानी की सराय में दिनदहाड़े युवक को मारी गोली, आरोपी फरार”

आजमगढ़: द पॉलिटिक्स अगेन : दीपू हिन्दू की रिपोर्ट 

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पुरानी रंजिश ने शुक्रवार की सुबह एक खूनी वारदात का रूप ले लिया।

जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोटवा गांव में दिनदहाड़े एक युवक को सरेआम गोली मार दी गई। गोली युवक की बांह में लगी, जिससे वह लहुलुहान होकर गिर पड़ा।

दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती करा दिया है और आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

गांव में मची अफरा-तफरी, बांह में लगी गोली

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रानी की सराय के कोटवा गांव का रहने वाला प्रमोद यादव शुक्रवार सुबह करीब 8:45 बजे अपने गांव में ही मौजूद था।

परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही रहने वाले समीर यादव उर्फ ऋषि (पुत्र उमेश) ने पुरानी दुश्मनी के चलते प्रमोद को निशाना बनाते हुए फायर झोंक दिया।

गोली सीधे प्रमोद की बांह में जा लगी। सुबह-सुबह हुई इस फायरिंग और गोली चलने की तेज आवाज से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी समीर यादव वहां से भाग निकलने में कामयाब रहा।

थाने पहुंची पुलिस, नामजद एफआईआर दर्ज करने की तैयारी

गोलीकांड की सूचना मिलते ही रानी की सराय थाना पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची और घायल प्रमोद को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा।

घायल के परिजनों ने थाने पहुंचकर आरोपी समीर यादव के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। रानी की सराय के थाना प्रभारी (SHO) विमल प्रकाश राय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है।

प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।