
“देश के कई हिस्सों, विशेष तौर पर मध्य व पश्चिमी क्षेत्र में मूसलाधार बारिश और बाढ़ से हालात बिगड़ गए हैं। गुजरात में दो दिनों से हो रही बारिश से अहमदाबाद समेत कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति है”
नई दिल्ली 27 / 08 / 2024 संतोष सेठ की रिपोर्ट
वहीं, मौसम विभाग ने गुजरात के साथ ही मध्य प्रदेश, राजस्थान, गोवा और महाराष्ट्र में अगले दो से तीन दिन भारी वर्षा और आकस्मिक बाढ़ का अलर्ट जारी किया है।
गुजरात में बाढ़ से कई जिलों की बड़ी आबादी प्रभावित है। राज्य में वर्षा जनित हादसों में तीन लोगों की मौत हुई है। मोरबी जिले में 17 लोगों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली रविवार रात पानी के तेज बहाव में बह गई।
लापता सात लोगों की तलाश में एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमें लगाई गई हैं। नवसारी के खेरगाम तालुका में 24 घंटे में सर्वाधिक 356 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
जलस्तर बढ़ने से सरदार सरोवर बांध के 30 में से 23 गेट खोलने पड़े हैं। 3.95 लाख क्यूसेक पानी नर्मदा नदी में छोड़ा गया है।
बाढ़ के खतरे के मद्देनजर भरूच के निचले इलाकों से 280 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। राज्य में अब तक बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसे 17,800 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
राज्य में प्राइमरी स्कूलों की छुट्टी कर दी गई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से फोन पर बात कर केंद्र की तरफ से हर संभव मदद का भरोसा दिया।