Delhi police constable arrested by Faridabad crime branch for masterminding ATM thefts.

दिल्ली पुलिस का सिपाही निकला ATM चोरों का मास्टरमाइंड, 5 गिरफ्तार

ऑनलाइन गेमिंग की लत ने बनाया अपराधी: दिल्ली पुलिस का सिपाही निकला ATM चोरों का मास्टरमाइंड, 5 गिरफ्तार”

फरीदाबाद: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट

हरियाणा के फरीदाबाद में शहर के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एटीएम (ATM) काटकर लाखों रुपये की चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।

पुलिस जांच में जो सबसे हैरान करने वाली बात सामने आई है, वह यह है कि इन चोरियों का मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि दिल्ली पुलिस का एक सिपाही और उसका भतीजा है।

इस शातिर पुलिसकर्मी ने गैस वेल्डिंग करने वाले श्रमिकों को लालच देकर इस वारदात को अंजाम दिलवाया। फरीदाबाद पुलिस ने सिपाही समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गेमिंग के कर्ज ने सिपाही को बनाया चोर

एसीपी क्राइम अमन यादव ने बताया कि गिरफ्तार दिल्ली पुलिस के सिपाही की पहचान हुकमचंद (निवासी गांव अटाली, फरीदाबाद) और उसके भतीजे की पहचान अरविंद के रूप में हुई है।

  • जांच में सामने आया कि सिपाही हुकमचंद को ऑनलाइन गेमिंग (Online Gaming) की भारी लत लग गई थी, जिसके कारण उस पर लाखों रुपये का कर्ज हो गया था।

  • अपनी सैलरी से कर्ज चुकाने में असमर्थ होने पर उसने भतीजे अरविंद के साथ मिलकर एटीएम लूटने की खौफनाक साजिश रची।

  • इसके लिए उसने बिहार निवासी विकास और राजू (जो गैस वेल्डिंग का काम करते हैं) को ज्यादा पैसे कमाने का लालच देकर अपने साथ मिला लिया।

यूट्यूब से सिखाया एटीएम काटना, खुद की रैकी

सिपाही हुकमचंद ने वारदात को अंजाम देने के लिए पूरी ‘टेक्निकल सपोर्ट’ दी।

  • उसने वेल्डर्स को वीडियो भेजकर सिखाया कि गैस कटर से एटीएम कैसे काटा जाता है।

  • मास्टरमाइंड सिपाही ने खुद भूपानी क्षेत्र में बिना गार्ड वाले एटीएम बूथों की रैकी की और गैस कटर समेत सारा सामान उपलब्ध कराया।

इन दो बड़ी वारदातों को दिया अंजाम

  1. भूपानी क्षेत्र (6.53 लाख की चोरी): 3 जुलाई 2026 की रात आरोपियों ने भूपानी मोड़ स्थित हिताची कंपनी के एटीएम को गैस कटर से काटकर उसमें से 6,53,300 रुपये की नकदी उड़ा ली।

  2. सेक्टर-58 क्षेत्र (5.71 लाख की चोरी): जब राजू एक अन्य मामले में बिहार जेल चला गया, तो विकास ने अपने भाई विशाल और अभिषेक को बुलाकर 26 जुलाई की रात जेसीबी चौक के पास एक और एटीएम काटकर 5.71 लाख रुपये चोरी कर लिए।

5 दिन की पुलिस रिमांड पर आरोपी

क्राइम ब्रांच ने कड़ी मशक्कत के बाद सिपाही हुकमचंद, भतीजे अरविंद, और वेल्डर विकास को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा लखनऊ से अभिषेक और विशाल को भी धर दबोचा गया है।

घटना में शामिल एक अन्य आरोपी राजू फिलहाल मोटरसाइकिल चोरी के मामले में बिहार की जेल में बंद है, जिसे जल्द ही प्रोडक्शन वारंट पर फरीदाबाद लाया जाएगा।

सभी आरोपियों को 5 दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर गहनता से पूछताछ की जा रही है।