दिल्ली – जैतपुर स्थित नीमा अस्पताल में डॉक्टर की गोली मारकर हत्या
“दिल्ली के जैतपुर स्थित नीमा अस्पताल में दो अज्ञात व्यक्तियों ने एक डॉक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी”
दिल्ली 03 / 10 / 2024 संतोष सेठ की रिपोर्ट
पुलिस के अनुसार, यूनानी चिकित्सक (बीयूएमएस) जावेद अख्तर की आरोपियों ने हत्या कर दी है। वो बुधवार को एक चोट के इलाज के लिए अस्पताल आए थे।
पुलिस ने कहा, “अस्पताल के कर्मचारियों के अनुसार, दोनों एक चोट के इलाज के लिए कालिंदी कुंज पुलिस थाने के अंतर्गत जैतपुर स्थित नीमा अस्पताल पहुंचे और बाद में डॉक्टर जावेद से मिलने का अनुरोध किया। उनके केबिन में मिलने का समय दिए जाने के बाद, आरोपियों ने उन्हें गोली मार दी और घटनास्थल से भाग गए।”
पुलिस ने आगे कहा कि अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में दोनों आरोपी अस्पताल परिसर से बाहर निकलते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना के तुरंत बाद जिला अपराध टीम और एफएसएल रोहिणी टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया।
पुलिस ने कहा, “फरार आरोपियों की तलाश जारी है। उन्हें पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।”
पुलिस ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी नाबालिग बताए जा रहे हैं और प्रथम दृष्टया मामला लक्षित हत्या का लग रहा है, क्योंकि घटना बिना उकसावे के हुई।
पुलिस ने बताया कि इससे पहले मंगलवार को द्वारका के मोहन नगर इलाके में तेज आवाज में संगीत बजाने को लेकर दो किरायेदारों के बीच झगड़े में हस्तक्षेप करने पर एक इमारत के 36 वर्षीय केयरटेकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई।











