आशुतोष ब्रह्मचारी पर जानलेवा हमला, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर आरोप
“आशुतोष ब्रह्मचारी पर रीवा एक्सप्रेस में जानलेवा हमला, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर लगा हत्या की साजिश का आरोप “
प्रयागराज (The Politics Again) : वरुण यादव की रिपोर्ट
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ यौन उत्पीड़न का केस दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर एक जानलेवा हमला होने की सनसनीखेज खबर सामने आई है।

यह घटना तब हुई जब वे गाजियाबाद से रीवा एक्सप्रेस (H1 कोच) के जरिए प्रयागराज आ रहे थे। फतेहपुर और कौशांबी जिले के बीच सिराथू रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन में उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया।
टॉयलेट में छिपकर बचाई जान
हमले के दौरान अपनी जान बचाने के लिए आशुतोष महाराज ने खुद को ट्रेन के टॉयलेट में बंद कर लिया।
इस हमले में उन्हें कई जगह गंभीर चोटें आई हैं और वे लहूलुहान अवस्था में प्रयागराज जंक्शन पहुंचे। गनीमत रही कि उनकी जान बच गई और फिलहाल प्रयागराज के कॉल्विन अस्पताल में मेडिकल के बाद उन्हें खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
हमलावर ने कहा- “गुरु के खिलाफ केस लिखवाया, तुम्हें मार देंगे”
पत्रकारों से बातचीत में आशुतोष महाराज ने इस जानलेवा हमले का सीधा आरोप स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर लगाया है।
उनका दावा है कि हमलावर उनकी नाक काटना चाहता था। आशुतोष महाराज ने खुलासा किया कि हाल ही में अविमुक्तेश्वरानंद के समर्थकों ने उनकी नाक काटने वाले को 21 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी।
उन्होंने बताया कि हमलावर ने वारदात को अंजाम देते वक्त कहा था, “तुमने हमारे गुरु के खिलाफ केस लिखवाया है, हम तुम्हें मार देंगे।”
हाईकोर्ट की सुनवाई से ठीक पहले हुआ हमला
यह हमला टाइमिंग को लेकर भी कई सवाल खड़े कर रहा है। दरअसल, 12 मार्च को इलाहाबाद हाईकोर्ट में मथुरा श्री कृष्ण जन्मभूमि विवाद और स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर लगे यौन शोषण मामले में अहम सुनवाई होनी है। आशुतोष महाराज इन्हीं दोनों मामलों की पैरवी के लिए प्रयागराज आ रहे थे।
जीआरपी (GRP) कर रही है मामले की जांच
घटना के बाद प्रयागराज जंक्शन के जीआरपी थाने में एफआईआर दर्ज करा दी गई है। जीआरपी की कई टीमें हमलावर की पहचान करने में जुट गई हैं और सिराथू रेलवे स्टेशन के आसपास से भी सुराग तलाशे जा रहे हैं।
पुलिस को शक है कि हमलावर नशे की हालत में हो सकता है। आशुतोष महाराज ने अपनी जान को लगातार खतरा बताते हुए प्रशासन से कड़ी सुरक्षा की मांग की है।












