जौनपुर में 4 वर्षीय बच्ची का शव मिला, एक आरोपी गिरफ्तार
जौनपुर में 4 वर्षीय मासूम का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या का लगाया आरोप”
जौनपुर : द पॉलिटिक्स अगेन : वरुण यादव की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में चार वर्षीय बच्ची का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बच्ची अपनी मां-पिता के साथ ननिहाल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आई थी।
लेकिन बारात के दौरान अचानक लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। सोमवार सुबह उसका शव सई नदी के किनारे झाड़ियों में मिलने से परिवार और ग्रामीणों में शोक और आक्रोश फैल गया।
यह मामला जफराबाद थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
शादी समारोह के दौरान हुई थी लापता
जानकारी के अनुसार, चार वर्षीय बच्ची 27 जून को अपने माता-पिता के साथ अपनी मौसी की शादी में शामिल होने ननिहाल आई थी।
शादी समारोह के दौरान जब बारात पहुंची और द्वारचार की रस्म चल रही थी, उसी समय बच्ची खेलते-खेलते अचानक लापता हो गई।
परिजनों ने रातभर आसपास के गांवों और घरों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने ननिहाल से करीब 600 मीटर दूर सई नदी के किनारे झाड़ियों में बच्ची का शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
बच्ची के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि परिवार ने पूरी रात बच्ची की तलाश की, लेकिन सुबह उसकी लाश मिली। उन्होंने दोषी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दुष्कर्म संबंधी आरोपों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
शव घर पहुंचते ही फूटा लोगों का गुस्सा
पोस्टमॉर्टम के बाद जैसे ही बच्ची का शव उसके घर पहुंचा, बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं सड़क पर उतर आए। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की।
सूचना मिलते ही सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता, जफराबाद थाना प्रभारी मिथिलेश तिवारी, लाइनबाजार थाना प्रभारी के.के. सिंह सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
डीएम और एसएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन और एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह भी मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया।
बच्ची की मां की तहरीर पर धनेजा गांव निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 6 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां की तहरीर पर जफराबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पता चला कि घटना वाले दिन आरोपी साहबलाल निषाद (42) को बच्ची से बातचीत करते और रात में उसके आसपास देखा गया था। ग्रामीणों से पूछताछ में भी आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। हालांकि, उसका यह कथित स्वीकारोक्ति बयान न्यायिक प्रक्रिया के अधीन है और मामले की जांच जारी है।











