योगी सरकार 9 साल

यूपी में योगी सरकार के 9 साल : CM योगी ने गिनाईं उपलब्धियां

यूपी में योगी सरकार के 9 साल पूरे: CM ने गिनाईं उपलब्धियां, कहा- ‘आज यूपी में कोई दंगा-कर्फ्यू नहीं, AI की मदद से मौत का आंकड़ा किया जीरो’

लखनऊ: द पॉलिटिक्स अगेन : वरुण यादव की रिपोर्ट 

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने बुधवार को अपने कार्यकाल के सफलतापूर्वक 9 साल पूरे कर लिए हैं।

इस विशेष अवसर पर सीएम योगी ने अपनी सरकार की तमाम उपलब्धियां जनता के सामने रखीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यूपी अब ‘दंगा मुक्त’ प्रदेश बन चुका है और राज्य में विकास योजनाएं सीधे जमीनी स्तर पर लोगों का जीवन बदल रही हैं।

‘9 एक शुभ अंक, यूपी में कोई दंगा नहीं’

सीएम योगी ने कहा कि 9 एक शुभ अंक है और यह पूर्णता का परिचायक है। सरकार के 9 साल पूरे होने पर प्रदेश में 9 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का बजट पेश किया गया है।

कल से चैत्र नवरात्र के त्योहार शुरू हो रहे हैं और पूरा प्रदेश बिना किसी डर के शालीनता से पर्व मना रहा है।

उन्होंने कानून व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा, “आज यूपी में कोई दंगा नहीं है, कोई तनाव या कर्फ्यू नहीं है। यह हमारे बेहतर ‘लॉ एंड ऑर्डर’ का सीधा असर है।”

जल जीवन मिशन: हर गांव तक शुद्ध पानी

मुख्यमंत्री ने ‘जल जीवन मिशन’ की सफलता का जिक्र करते हुए बताया कि यूपी के 1,05,000 से ज्यादा राजस्व गांवों में से 10 हजार से अधिक गांवों में पाइपलाइन से शुद्ध पेयजल पहुंच चुका है।

इस योजना को और मजबूत करने के लिए आज केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल की मौजूदगी में केंद्र और राज्य के बीच एक अहम समझौता (MoU) भी हुआ है।

अब एजेंसियां काम पूरा होने के बाद अगले 10 साल तक इसके रखरखाव के लिए जिम्मेदार होंगी।

AI टूल से सुलझी बीमारी की गुत्थी, मौत का आंकड़ा हुआ ‘जीरो’

स्वास्थ्य क्षेत्र की सबसे बड़ी उपलब्धि साझा करते हुए सीएम योगी ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में पहले इंसेफेलाइटिस (दिमागी बुखार) से हर साल हजारों मौतें होती थीं।

जब सरकार ने AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) टूल की मदद से इन मौतों के आंकड़ों का विश्लेषण किया, तो पता चला कि इसका मुख्य कारण खुले में शौच और अशुद्ध पेयजल है।

उन्होंने कहा, “आज जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन के तहत हर घर में नल और शौचालय पहुंचने से पिछले 5 सालों में इस बीमारी से होने वाली मौतों का आंकड़ा जीरो (शून्य) तक लाने में हमें सफलता मिली है। इसका पूरा श्रेय प्रधानमंत्री मोदी के विजन को जाता है।”

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.