संसद भवन में आयोजित कार्यक्रम में चंदौली के छात्रों ने किया प्रतिभाग 

 

“राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर कल संसद भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला की अध्यक्षता में चंदौली के 15 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया”
 
चंदौली 03 / 10 / 2024 मंगेश यादव की रिपोर्ट 
 
कार्यक्रम के शुरू होने से पहले छात्रों की पूरी टीम को संसद भवन का विजिट कराया गया। उन्हें नई संसद व पुरानी संसद के सभी विशेषताओं के बारे में बताया गया।
 
इसके उपरांत लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला की उपस्थिति में अंश गोयल, भावना यादव व यशी मिश्रा ने दोनों महापुरुषों पर अपने विचार को भाषण में रखा।
 
लोकसभा अध्यक्ष ने भावना यादव की स्पीच से प्रभावित होकर उसे अपने पास बुलाकर बैठाया। अंत में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में सभी का स्वागत करते हुए छात्र-छात्राओं द्वारा दिए गए भाषणों की सराहना की और महात्मा गांधी तथा लाल बहादुर शास्त्री के उपदेशों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
 
उन्होंने छात्रों से निस्वार्थ भाव से देश की सेवा करने के लिए गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आग्रह भी किया।
 
उन्होंने कहा कि स्वाधीनता संघर्ष में और स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात भारत की प्रगति में लाल बहादुर शास्त्री जी की अतुलनीय भूमिका थी। शास्त्री जी कर्मठता और कर्तव्यनिष्ठा के प्रतीक रहे हैं।
 
संसद के केंद्रीय कक्ष में लाल बहादुर शास्त्री के पुत्र अनिल शास्त्री भाव विभोर होकर मुगलसराय के बच्चों से मिले और उन्हें अपना आशीर्वाद दिया ।
 
साथ ही उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि ये बच्चे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के पदचिन्हों पर चलने का पूरा प्रयास करेंगे।उन्होंने बच्चों से शीघ्र ही मुगलसराय आने का वादा भी किया।