“गागल पुलिस चौकी ने दर्ज नहीं की थी शिकायत, अब एसपी के दरबार पहुंचा मामला युवक के साथ मारपीट के मामले पर ग्रामीणों ने एसपी मंडी से की मुलाकात युवक ने बताया कि घटना वाली रात को खुद पहुंचा था पुलिस चौकी लेकिन पुलिस कर्मियों ने नहीं सुनी फरियाद”
मंडी 25 / 09 / 2024 नीतू कौशल की रिपोर्ट
मारपीट की घटना में घायल युवक जब गागल पुलिस चौकी में अपनी शिकायत दर्ज करवाने की गुहार लगाने पहुंचा था तो पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज करना तो दूर सुनना भी वाजिब नहीं समझा था।
पुलिस चौकी की लापरवाही का यह मामला अब एसपी मंडी के पास पहुंच गया है। मंगलवार को इस संदर्भ में ग्रामीणों ने एसपी मंडी से मुलाकात भी की।
स्थानीय संवाददाता के अनुसार सकरोहा निवासी पुरूषोत्तम ने बताया कि बीती 18 सितंबर की रात को इलाके के ही 3 लोगों ने इसके व दो अन्य साथियों बिशन चंद और मुनीश के साथ बेवजह मारपीट की। जिसमें यह बूरी तरह से घायल हो गया।
मारपीट करने वालों में एक व्यक्ति डीआईजी ऑफिस मंडी में कार्यरत है। घायल अवस्था में यह रात करीब साढे 11 बजे गागल पुलिस चौकी पहुंचा लेकिन पुलिस ने इसकी शिकायत दर्ज करना तो दूर इसकी बात भी नहीं सुनी।
जिसके बाद यह रत्ती पुलिस थाना गया जहां से मिले आदेशों के बाद गागल पुलिस चौकी की टीम ने मौके पर आकर कार्रवाई की।
श्री गुरू रविदास महासभा हिप्र के उपाध्यक्ष तारा चंद भाटिया ने कहा कि गागल में पुलिस चौकी को गुंडातत्वों पर कार्रवाई करने के उद्देश्य से खोला गया है लेकिन यहां उल्टा गुंडातत्वों को संरक्षण मिल रहा है।
इन्होंने एसपी मंडी से पुलिस चौकी के स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मारपीट के मामले में भी त्वरित कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि पुलिस चौकी गागल की लापरवाही को लेकर जांच की जाएगी, इसमें जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने आए हुए लोगों को आश्वस्त किया कि वे स्वयं इस मामले में संज्ञान लेंगी और कार्रवाई भी अपनी निगरानी में करवाएंगी।