बिहार / बेतिया: बेकाबू बस ने ऑर्केस्ट्रा भीड़ को कुचला, 5 की दर्दनाक मौत
बेतिया में रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा: छठिहार के ऑर्केस्ट्रा में घुसी बेकाबू ‘शाही बस’, 5 की दर्दनाक मौत, 5 गंभीर”
बेतिया (पश्चिम चंपारण) : संतोष सेठ की रिपोर्ट : THE POLITICS AGAIN
बिहार के पश्चिम चंपारण जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। शुक्रवार देर रात बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग (NH-727) पर एक बेकाबू तेज रफ्तार बस मौत बनकर लोगों की भीड़ पर चढ़ गई।
इस खौफनाक हादसे में 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। खुशियों से भरा छठिहार का समारोह पल भर में मातम में बदल गया।
ऑर्केस्ट्रा देख रही थी भीड़, अचानक आ गई मौत
जानकारी के मुताबिक, यह भीषण हादसा बसवरिया और पराउटोला के बीच शुक्रवार रात करीब 11 बजे हुआ।
NH-727 के किनारे स्थित धर्मेंद्र दुबे के घर पर छठिहार समारोह का आयोजन किया गया था। खुशी के इस मौके पर घर के बाहर सड़क किनारे एक ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम चल रहा था, जिसे देखने के लिए आसपास के दर्जनों लोग जुटे हुए थे।
इसी दौरान, गोरखपुर से बेतिया की ओर जा रही तेज रफ्तार ‘शाही बस’ अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे सड़क किनारे खड़ी भीड़ में जा घुसी।
बस की गति इतनी तेज थी कि लोगों को संभलने या भागने तक का मौका नहीं मिला। बस के भीड़ को कुचलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और चारो तरफ खून से लथपथ लोग नजर आने लगे।
सामने से आ रहे ट्रक ने बिगाड़ा संतुलन?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय बेतिया की ओर से गैस सिलेंडरों से लदा एक ट्रक सामने से आ रहा था।
माना जा रहा है कि इसी ट्रक को पास देने या उससे बचने के प्रयास में बस चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण पूरी तरह खो दिया और बस सीधे दर्शकों की भीड़ में घुसते हुए आगे निकल गई।
हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
घायलों को तुरंत बेतिया के अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान तीन और लोगों की मौत हो गई।
पांच परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले सभी 5 लोगों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में संजय महतो, भोला दुबे, बहादुर महतो, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम शामिल हैं।
हादसे की मनहूस खबर जैसे ही मृतकों के घरों में पहुंची, वहां कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस की जांच शुरू, तेज रफ्तार पर उठे सवाल
हादसे के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का जायजा लिया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब बस चालक की तलाश कर रही है और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच में जुट गई है।
इस हादसे ने NH-727 पर वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार और सड़क किनारे होने वाले आयोजनों की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हाईवे पर अक्सर वाहन तेज रफ्तार में दौड़ते हैं, जिसके चलते पहले भी हादसे होते रहे हैं।











