जेल से निकलते ही आज़म ख़ान के तीखे तेवर, बोले- ‘अब चुनाव नहीं, इंक़लाब होगा’
रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म ख़ान जेल से रिहा होने के बाद रामपुर पहुंचे तो उनके समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। घर पहुंचते ही आज़म ख़ान ने अपने बयान से उत्तर प्रदेश की सियासत में हलचल मचा दी।
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कहा, “इस बार चुनाव नहीं होगा, इंक़लाब होगा। बदलाव नहीं होगा, सैलाब होगा।”
‘देश आज़ाद है, लेकिन संविधान कैद है’
आजम ख़ान ने अपनी रिहाई पर खुशी जताते हुए कहा कि संविधान, कानून, लोकतंत्र और न्याय में विश्वास रखने वाले सभी लोगों के लिए यह खुशी का दिन है। उन्होंने कहा कि देश तो आज़ाद है, लेकिन संविधान कैद है। सभी को मिलकर संविधान की आज़ादी के लिए आवाज उठानी चाहिए।
भाजपा और जांच एजेंसियों पर साधा निशाना
आजम ख़ान ने भाजपा और जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या स्कूल और विश्वविद्यालय बनाने वाला व्यक्ति माफिया हो सकता है? उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं से अपनी साख बनाए रखने की अपील भी की।
2027 के चुनाव पर बढ़ेगी सियासी हलचल
आजम ख़ान ने दावा किया कि आने वाले चुनाव में लड़ाई जाति और धर्म के नाम पर नहीं, बल्कि मुद्दों के आधार पर होगी। उनके इस बयान को 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अब देखना होगा कि जेल से वापसी के बाद आज़म ख़ान का यह आक्रामक सियासी अंदाज यूपी की राजनीति में कितना असर डालता है।











