अतीक के बेटे अबान सुपुर्द-ए-खाक, जनाजे में फूट-फूटकर रोए उमर-अली
अतीक के बेटे अबान को किया गया सुपुर्द-ए-खाक, जनाजे में फूट-फूटकर रोए भाई अली और उमर”
प्रयागराज: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित कसारी-मसारी कब्रिस्तान में शनिवार शाम माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद को नम आंखों के साथ सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
शाम करीब सात बजे मगरिब की नमाज के बाद अबान का जनाजा कब्रिस्तान पहुंचा, जहां उसे उसके पिता अतीक अहमद की कब्र के पास ही दफनाया गया।
इस मौके पर जेल में बंद उसके दोनों बड़े भाई मोहम्मद उमर और अली अहमद पैरोल पर जनाजे में शामिल होने पहुंचे थे।
भारी पुलिस सुरक्षा के बीच जब भाइयों ने अबान को मिट्टी दी, तो वहां का माहौल बेहद गमगीन हो गया।
गले मिलकर फूट-फूटकर रोए तीनों भाई
कब्रिस्तान में भाई को आखिरी विदाई देते समय एक बेहद भावुक दृश्य देखने को मिला। अबान को दफनाने के बाद अली, उमर और उनका एक और भाई एहजम गले मिलकर फूट-फूटकर रो पड़े।
लखनऊ और झांसी की जेल से आए दोनों भाइयों ने छोटे भाई के जनाजे को कंधा दिया। इस दौरान अली अहमद अपने छोटे भाई एहजम को ढांढस बंधाता नजर आया।
इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें भारी सुरक्षा बल के बीच भाई एक-दूसरे के गले लगते और एक छोटे बच्चे को दुलारते दिख रहे हैं।
कड़ी सुरक्षा और उमड़ी भीड़ पर पुलिस का एक्शन
अली और उमर को कड़ी सुरक्षा के बीच कैदी वैन से कसारी-मसारी कब्रिस्तान लाया गया था। दोनों भाइयों के पहुंचने और अबान के अंतिम संस्कार की खबर से कब्रिस्तान में लोगों और रिश्तेदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी।
हालात को नियंत्रित करने और भीड़ को वहां से हटाने के लिए पुलिस को कई जगह हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। शव के घर पहुंचने से लेकर सुपुर्द-ए-खाक होने तक चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस फोर्स तैनात रही।
झांसी जाते वक्त हादसे में गई थी अबान की जान
ज्ञात हो कि बीते 6 अगस्त (गुरुवार) को प्रयागराज से झांसी जाते समय एक दर्दनाक सड़क हादसे में अबान और उसके दोस्त की मौत हो गई थी।
इसके बाद इलाहाबाद हाई कोर्ट से पैरोल मिलने पर ही मोहम्मद उमर और अली अहमद अपने छोटे भाई के अंतिम दर्शन कर सके।
ढाई साल में पूरी तरह बिखर गया अतीक का कुनबा
गौर करने वाली बात यह है कि पिछले महज ढाई सालों के भीतर अतीक अहमद का परिवार पूरी तरह से तबाह और बिखर चुका है।
-
सबसे पहले पुलिस एनकाउंटर में अतीक का बेटा असद मारा गया।
-
उसके कुछ ही दिन बाद पुलिस कस्टडी में मेडिकल के लिए ले जाते समय अतीक और उसके भाई अशरफ की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई।
-
और अब उसके सबसे छोटे बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत हो गई है।











