अजित पवार की मौत हादसा नहीं, बड़ी साजिश? रोहित पवार ने PM मोदी को पत्र लिखकर की उड्डयन मंत्री को हटाने की मांग
“महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री रहे अजित पवार की विमान हादसे में हुई मौत के मामले ने अब एक नया और सनसनीखेज राजनीतिक मोड़ ले लिया है”
द पॉलिटिक्स अगेन डेस्क, मुंबई/नई दिल्ली : संतोष सेठ की रिपोर्ट
एनसीपी-एसपी (NCP-SP) के विधायक और अजित पवार के भतीजे रोहित पवार ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस हादसे को एक ‘गहरी साजिश’ करार दिया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू को तुरंत पद से हटाने और इस पूरे मामले की अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की मदद से स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है। इस पत्र की एक प्रति केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी भेजी गई है।
चार्टर कंपनी VSR और TDP के रिश्तों पर उठाए सवाल
रोहित पवार ने सीधा आरोप लगाया है कि 28 जनवरी को बारामती में हुआ विमान हादसा कोई दुर्घटना नहीं थी, बल्कि एयर चार्टर कंपनी वीएसआर (VSR) की मिलीभगत से रची गई एक सोची-समझी साजिश थी।
उन्होंने दावा किया कि वीएसआर कंपनी और उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू की पार्टी (तेलुगु देशम पार्टी – TDP) के बीच संबंधों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
रोहित पवार ने कहा, “हमारी अपनी जांच से पता चला है कि उद्योग और राजनीति जगत के कुछ बेहद प्रभावशाली लोग वीएसआर मामले में शामिल हैं। ऐसे में उड्डयन मंत्री के पद पर राममोहन नायडू के रहते हुए पारदर्शी जांच संभव नहीं है।”
DGCA की भूमिका से दूर रखने की अपील
प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित पवार ने कहा कि उन्हें डर है कि इस जांच में नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को प्रभावित किया जा सकता है।
उन्होंने पीएम मोदी से अपील की है कि वीएसआर मामले की जांच में डीजीसीए का कोई हस्तक्षेप न हो।
जांच एक स्वतंत्र और सक्षम प्राधिकरण द्वारा की जानी चाहिए, जिसमें अधिमानतः अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों का सहयोग लिया जाए ताकि सच जनता के सामने आ सके।
पीएम मोदी को याद दिलाया अजित दादा का योगदान
रोहित पवार ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में अजित पवार के देश और राज्य के प्रति योगदान को याद दिलाया।
उन्होंने लिखा, “प्रधानमंत्री जी, आपने हमेशा अजित दादा और उनके कार्यों के प्रति सम्मान दिखाया है।
उसी सम्मान के खातिर मेरी आपसे गुजारिश है कि निष्पक्ष जांच के लिए राममोहन नायडू से इस्तीफा मांगा जाए।”
क्या हुआ था 28 जनवरी को?
गौरतलब है कि इसी साल 28 जनवरी 2026 को पुणे जिले के बारामती हवाई अड्डे पर एक दर्दनाक विमान हादसा हुआ था।
टेबलटॉप रनवे के किनारे से महज 200 मीटर की दूरी पर अजित पवार का चार्टर विमान क्रैश हो गया था।
इस भीषण दुर्घटना में अजित पवार समेत विमान में सवार चार अन्य लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
इस हादसे के बाद से ही सुप्रिया सुले और रोहित पवार समेत एनसीपी-एसपी के कई नेता लगातार सवाल खड़े कर रहे थे, लेकिन अब सीधे तौर पर साजिश और उड्डयन मंत्री पर आरोपों ने राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है।












