यूपी कैबिनेट विस्तार : मनोज पांडे समेत 8 ने ली शपथ
यूपी में योगी सरकार का महा-कैबिनेट विस्तार: मनोज पांडे और भूपेंद्र चौधरी समेत 8 बने मंत्री, साधे गए जातीय और क्षेत्रीय समीकरण “
लखनऊ: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
आगामी विधानसभा चुनावों से पहले उत्तर प्रदेश की सियासत में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना मास्टरस्ट्रोक चल दिया है।
रविवार को राजधानी लखनऊ के लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार का बहुप्रतीक्षित और अहम कैबिनेट विस्तार सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में 8 प्रमुख नेताओं को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस विस्तार के जरिए भाजपा ने न सिर्फ पुराने वफादारों को इनाम दिया है, बल्कि विपक्षी दलों से आए कद्दावर नेताओं को भी मंत्रिमंडल में शामिल कर अपने सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को और अधिक मजबूत कर लिया है।
इन 8 दिग्गजों ने ली मंत्री पद की शपथ
राजभवन और लोकभवन द्वारा जारी सूची के अनुसार, योगी कैबिनेट की इस नई टीम में निम्नलिखित नेताओं को जगह मिली है:
-
भूपेंद्र सिंह चौधरी: विधान परिषद सदस्य (MLC) और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, जिन्हें एक बार फिर कैबिनेट में अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। (जाट चेहरा)
-
मनोज पाण्डेय: रायबरेली के ऊंचाहार से विधायक। समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा में आए यह अवध क्षेत्र के कद्दावर ब्राह्मण चेहरा हैं।
-
कृष्णा पासवान: फतेहपुर क्षेत्र से आने वाली प्रभावशाली महिला और दलित समाज की बड़ी नेता।
-
कैलाश राजपूत: लखीमपुर खीरी क्षेत्र के कद्दावर विधायक और पिछड़ा वर्ग (OBC) का प्रमुख चेहरा।
-
सोमेंद्र तोमर: मौजूदा राज्य मंत्री, जिन्हें उनके बेहतरीन काम के ईनाम स्वरूप प्रमोट कर कैबिनेट का दर्जा दिया गया है।
-
अजीत सिंह पाल: राज्य मंत्री से प्रमोट होकर अब कैबिनेट मंत्री के रूप में अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगे।
-
सुरेन्द्र दिलेर: हाथरस क्षेत्र से आने वाले दलित समाज के प्रमुख प्रतिनिधि।
-
हंसराज विश्वकर्मा: वाराणसी क्षेत्र के अनुभवी नेता और विधान परिषद सदस्य (MLC)।
प्रमोशन के साथ दिया गया बड़ा राजनीतिक संदेश
इस कैबिनेट विस्तार की सबसे बड़ी खासियत सोमेंद्र तोमर और अजीत सिंह पाल का प्रमोशन रही। वहीं, मनोज पांडे और भूपेंद्र चौधरी जैसे दिग्गजों को शामिल कर भाजपा ने सवर्ण और जाट वोट बैंक को साधने का स्पष्ट संदेश दिया है।
इसके साथ ही, कृष्णा पासवान और सुरेंद्र दिलेर की नियुक्ति कर भाजपा ने दलित राजनीति में अपनी पैठ और गहरी करने का पुख्ता इंतजाम कर लिया है।
अखिलेश यादव के गढ़ में सेंध और मनोवैज्ञानिक बढ़त
समाजवादी पार्टी (SP) छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाले मनोज पांडे को सीधे कैबिनेट में जगह मिलना अखिलेश यादव के लिए एक बड़ा मनोवैज्ञानिक झटका माना जा रहा है।
मनोज पांडे रायबरेली और अवध क्षेत्र में ब्राह्मण समाज के बड़े नेता हैं। उनके मंत्री बनने से भाजपा को पूर्वांचल और अवध के बीच एक मजबूत कड़ी मिल गई है।
जल्द होगा विभागों का बंटवारा
शपथ ग्रहण समारोह के बाद अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जल्द ही इन सभी 8 नवनियुक्त मंत्रियों के बीच विभागों का बँटवारा करेंगे।
सरकार का मुख्य फोकस अब विकास कार्यों को और अधिक गति देना तथा जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना है।
शपथ ग्रहण के बाद लखनऊ की सड़कों पर जगह-जगह जश्न का माहौल है और सभी मंत्रियों ने प्रदेश के विकास में अपना शत-प्रतिशत योगदान देने का संकल्प दोहराया है।











