Bride Refuses Marriage Varanasi

वाराणसी: प्रेमी को देख दुल्हन का इनकार, बैरंग लौटी बारात

वाराणसी: जयमाला के वक्त प्रेमी को देख दुल्हन ने किया शादी से इनकार, बिना फेरे बैरंग लौटी बारात

वाराणसी: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

जिले के लोहता थाना क्षेत्र स्थित छितौनी गांव में गुरुवार रात एक शादी समारोह उस वक्त हाई-वोल्टेज ड्रामे में तब्दील हो गया, जब जयमाला के दौरान दुल्हन ने वर के गले में माला डालने से साफ इनकार कर दिया।

काफी देर तक चली पंचायत और पुलिस के हस्तक्षेप के बावजूद बात नहीं बन सकी और आखिरकार बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।

जयमाला के मंच पर हुआ ड्रामा

मिली जानकारी के मुताबिक, छितौनी गांव की राजभर बस्ती में मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के कंदवा से बारात आई थी।

बारात का स्वागत धूमधाम से हुआ और द्वार पूजा की रस्में भी हंसी-खुशी संपन्न हो गईं। रात करीब 11 बजे जब जयमाला का कार्यक्रम शुरू हुआ, तो मंच पर पहुंची दुल्हन ने अचानक वर के गले में जयमाला डालने से मना कर दिया।

दुल्हन के इस कदम से वहां मौजूद घराती और बाराती सन्न रह गए और कार्यक्रम स्थल पर तरह-तरह की कानाफूसी शुरू हो गई।

प्रेमी की एंट्री से पलटा पूरा मामला

सूत्रों के अनुसार, इस पूरे ड्रामे के पीछे मुख्य वजह दुल्हन के प्रेमी का शादी समारोह में पहुंचना था। बताया जा रहा है कि जयमाला के वक्त अपने प्रेमी को वहां देखते ही युवती असहज हो गई और उसने शादी से इनकार कर दिया।

प्रेमी चोलापुर थाना क्षेत्र के भटौली गांव का रहने वाला बताया गया है। जैसे ही घरातियों को इस बात की भनक लगी, उन्होंने युवक की पिटाई कर दी। हालांकि, हंगामे का फायदा उठाकर प्रेमी मौके से भाग निकलने में कामयाब रहा।

देर रात तक चली पंचायत, पुलिस ने भी की समझाइश

इस अप्रत्याशित घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच देर रात तक पंचायत चलती रही। परिजन और रिश्तेदार लगातार शादी संपन्न कराने का प्रयास करते रहे, लेकिन बात नहीं बनी।

मामले को बढ़ता देख युवती के परिजनों ने कोटवां पुलिस चौकी पर प्रार्थना पत्र देकर पुलिस से हस्तक्षेप की मांग की।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराने की कोशिश की। लेकिन, इस पूरे घटनाक्रम और ड्रामे के बाद वर पक्ष ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया।

बिना दुल्हन के लौटी बारात

काफी देर तक चली बातचीत और मान-मनौव्वल के बाद अंततः बारात बिना शादी के ही वापस लौट गई। इस घटना के बाद से पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

स्थानीय पुलिस का कहना है कि इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत या मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया है, इसलिए पुलिस स्तर पर कोई आगे की कार्रवाई नहीं की गई है।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.