स्कूल चलो अभियान यूपी

CM योगी ने काशी से की ‘स्कूल चलो अभियान’ की शुरुआत, बच्चों को बांटे बैग

काशी से CM योगी ने किया ‘स्कूल चलो अभियान’ का शंखनाद: बच्चों को बांटे बैग, पिछली सरकारों पर साधा निशाना 

वाराणसी (काशी): द पॉलिटिक्स अगेन : वरुण यादव की रिपोर्ट 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को धर्म नगरी काशी से प्रदेशव्यापी ‘स्कूल चलो अभियान’ का भव्य शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने अपने दौरे की शुरुआत आध्यात्मिक अंदाज में की।

शनिवार सुबह उन्होंने सबसे पहले श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और फिर बाबा कालभैरव मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

बच्चों को पहनाए स्कूल बैग, पूछा हालचाल

दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिवपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय पहुंचे, जहां से उन्होंने पूरे प्रदेश के लिए ‘स्कूल चलो अभियान’ की औपचारिक शुरुआत की।

इस दौरान सीएम योगी बच्चों के बीच काफी खुश नजर आए। उन्होंने अपने हाथों से 5 ‘निपुण’ (मेधावी) बच्चों के कंधों पर स्कूल बैग पहनाए, उन्हें किताबें भेंट कीं और बड़े प्यार से उनका हालचाल भी पूछा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर में स्कूली बच्चों द्वारा लगाई गई विज्ञान और कला प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और उनके प्रोजेक्ट्स की सराहना की।

विपक्ष पर प्रहार: “2017 से पहले शिक्षा एजेंडे में नहीं थी”

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों पर तीखा प्रहार किया।

उन्होंने कहा, “2017 से पहले की सरकारों के एजेंडे में शिक्षा का कोई स्थान नहीं था। गरीब बच्चों के भविष्य की किसी को कोई चिंता नहीं थी और उनके लोग खुलेआम नकल कराते थे।”

सीएम ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आज यूपी में शिक्षा का परिवेश और पद्धति, दोनों में सकारात्मक बदलाव आया है।

अब बच्चों को सिर्फ पारंपरिक शिक्षा नहीं, बल्कि तकनीकी शिक्षा भी दी जा रही है ताकि भविष्य में उन्हें आसानी से रोजगार मिल सके।

मुख्यमंत्री सुबह करीब 9:15 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे और बच्चों के साथ समय बिताने के बाद 10:50 बजे वहां से रवाना हुए।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.