जौनपुर सड़क हादसा

जौनपुर : हाईवे पर पिकअप और मिक्सर मशीन की टक्कर, 3 गंभीर घायल

जौनपुर: वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर भीषण भिड़ंत, पिकअप ने मिक्सर मशीन को मारी टक्कर; तीन की हालत गंभीर 

जौनपुर: द पॉलिटिक्स अगेन : वरुण यादव की रिपोर्ट 

 जनपद के जलालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।

बीबनमऊ गेट के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन और मकान ढलाई वाली मिक्सर मशीन (ट्रैक्टर) के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।

इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि मिक्सर मशीन पर सवार करीब 10 अन्य मजदूरों को मामूली चोटें आई हैं।

मजदूरों को उतारते समय हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिमापुर निवासी अरविंद सोनकर सुदनीपुर में एक मकान की ढलाई का कार्य पूरा कर अपनी मिक्सर मशीन के साथ जलालपुर बाजार लौट रहे थे।

बीबनमऊ गेट के पास उन्होंने सड़क किनारे ट्रैक्टर रोककर मजदूरों को उतारना शुरू किया था। इसी दौरान जौनपुर की ओर से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार पिकअप ने ट्रैक्टर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

उछलकर नाली के पार गिरा इंजन

टक्कर इतनी भयानक थी कि पिकअप वाहन हाईवे पर ही पलट गया, जबकि ट्रैक्टर का इंजन टूटकर सड़क किनारे बनी नाली के उस पार जा गिरा।

हादसे में पिकअप चालक जुनैद (निवासी लखनऊ), ट्रैक्टर चालक अरविंद सोनकर और इंजन पर बैठे मजदूर राजा गौतम (निवासी लालपुर) गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

सूचना मिलते ही जलालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रेहटी भेजा, जहां उनका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि पिकअप लखनऊ से किराना सामान लादकर बाबतपुर की ओर जा रही थी। पुलिस ने जेसीबी (JCB) की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों और हाईवे पर बिखरे सामान को हटाकर यातायात बहाल कराया।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.