UP Mission : चैत्र नवरात्र से योगी सरकार का नारी शक्ति अभियान शुरू
यूपी में ‘मिशन शक्ति’ के छठे चरण का शंखनाद: चैत्र नवरात्र से शुरू होगा नारी सशक्तिकरण का महाअभियान, CM डैशबोर्ड से होगी निगरानी
लखनऊ: द पॉलिटिक्स अगेन : वरुण यादव की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश में चैत्र नवरात्र के पावन पर्व (19 मार्च) से नारी शक्ति के महाअभियान ‘मिशन शक्ति’ के 6वें चरण (Mission Shakti 6.0) की भव्य शुरुआत होने जा रही है।
योगी सरकार का यह विशेष अभियान प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगा।
इस बार अभियान की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसकी सभी गतिविधियों की निगरानी सीधे ‘सीएम डैशबोर्ड’ (CM Dashboard) से की जाएगी और अधिकारियों को रियल टाइम रिपोर्टिंग करनी होगी।
1.32 लाख विद्यालयों में गूंजेगा नारी शक्ति का संदेश
बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने बताया कि 19 से 26 मार्च तक चलने वाले इस विशेष अभियान में प्रदेश के 1.32 लाख विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इनमें पोस्टर प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, रैली और संवाद कार्यक्रमों के जरिए बेटियों में आत्मविश्वास जगाया जाएगा।
महानिदेशक (स्कूल शिक्षा) मोनिका रानी के अनुसार, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) की छात्राओं को भी इसमें शामिल कर उन्हें आत्मरक्षा (Self-Defense) का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
और पुलिस के सहयोग से साइबर अपराध, बाल विवाह व हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
मिशन शक्ति (19 से 26 मार्च) का पूरा शेड्यूल:
सरकार ने हर दिन के लिए एक विशेष थीम और कार्यक्रम तय किया है:
-
19 मार्च: नवदुर्गा के नौ रूपों पर आधारित पोस्टर निर्माण और नवरात्रि पर विशेष चर्चा।
-
20 मार्च: दुर्गा के नौ रूपों पर आधारित नुक्कड़ नाटक और बाल अधिकार व सुरक्षा स्लोगन के साथ जागरूकता रैली।
-
21 मार्च: विद्यालय, ब्लॉक, तहसील और जिला स्तर पर बालिकाओं को प्रमुख पदों (एक दिन का अधिकारी) पर बैठाकर एक्सपोजर देना।
-
22 मार्च: ‘मीना दिवस’ का आयोजन, निडर फिल्म का प्रदर्शन, और जनप्रतिनिधियों व अभिभावकों के साथ संवाद।
-
23 मार्च: बालिकाओं का बैंक और अस्पताल भ्रमण, साथ ही कौशल प्रशिक्षण (सिलाई-कढ़ाई आदि) की जानकारी।
-
24 मार्च: महिला अधिकारियों और समाज की प्रतिष्ठित महिलाओं का विद्यालय भ्रमण, छात्राओं से सीधा संवाद और आत्मरक्षा प्रशिक्षण।
-
25 मार्च: बालिकाओं को पास के थाने/कोतवाली का भ्रमण कराना, FIR, कानून और वीमेन हेल्पलाइन की विस्तृत जानकारी देना।
-
26 मार्च: जेंडर स्टीरियोटाइप, बाल विवाह जैसे सामाजिक मुद्दों और महिलाओं के लिए चलाई जा रही सरकारी योजनाओं पर नुक्कड़ नाटक।










