विदेश मंत्रालय पश्चिम एशिया

पश्चिम एशिया संकट: MEA का बयान, होर्मुज से जहाजों की वापसी प्राथमिकता

पश्चिम एशिया संकट पर भारत का कड़ा रुख: विदेश मंत्रालय बोला- ‘होर्मुज से भारतीय जहाजों की सुरक्षित वापसी हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता’

नई दिल्ली: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

पश्चिम एशिया में लगातार गहराते युद्ध के संकट के बीच भारत सरकार पूरी तरह से सतर्क है। मंगलवार को विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मीडिया को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि भारत की सर्वोच्च प्राथमिकता होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में फंसे भारतीय जहाजों और नागरिकों की सुरक्षित वापसी है। इसके लिए ईरान सहित अन्य संबंधित देशों के साथ लगातार बातचीत चल रही है।

‘जहाजों को सुरक्षित लाना हमारा मुख्य उद्देश्य’

प्रेस वार्ता के दौरान रणधीर जायसवाल ने कहा, “ईरान और अन्य देशों के साथ हमारी बातचीत जारी है। कई जहाज अभी भी होर्मुज जलडमरूमध्य क्षेत्र में मौजूद हैं।

हमारा मुख्य उद्देश्य ईरान और अन्य देशों के साथ मिलकर इन जहाजों को सुरक्षित वापस लाना है। इसके साथ ही हम मानवीय सहायता के मुद्दों पर भी चर्चा कर रहे हैं।”

ब्रिक्स (BRICS) में आम सहमति बनाने की चुनौती

मौजूदा संकट पर ब्रिक्स देशों के रुख के बारे में पूछे जाने पर जायसवाल ने बताया कि वर्तमान में ब्रिक्स की अध्यक्षता भारत के पास है।

चूंकि इस संगठन के कई सदस्य देश सीधे तौर पर इस संघर्ष में शामिल हैं, इसलिए एक साझा रुख अपनाना मुश्किल हो रहा है। हालांकि, भारत सभी पक्षों के साथ लगातार संवाद बनाए हुए है।

ऊर्जा सुरक्षा पर विदेश मंत्री की यूरोप में चर्चा

विदेश मंत्रालय ने यह भी जानकारी दी कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ब्रसेल्स में यूरोपीय संघ की शीर्ष प्रतिनिधि काजा कालास और अन्य समकक्षों के साथ मुलाकात की।

इस बैठक में पश्चिम एशिया की स्थिति और वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा पर इसके असर को लेकर गहन कूटनीतिक चर्चा हुई है और जल्द शांति बहाली पर जोर दिया गया है।

ओमान से लाए गए दो भारतीयों के शव, इराक में 15 सुरक्षित

विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (खाड़ी क्षेत्र) असीम महाजन ने एक दुखद अपडेट देते हुए बताया कि ओमान के सोहार शहर में हुई घटना में जान गंवाने वाले दो भारतीय नागरिकों के शव मंगलवार को जयपुर (भारत) लाए गए और उनके परिवारों को सौंप दिए गए।

वहीं, इराक के बसरा तट के पास ‘सेफसी विष्णु’ जहाज से जुड़ी घटना में 15 भारतीय कर्मचारियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

हालांकि, इस घटना में एक भारतीय की मौत हो गई है, जिसका शव वापस लाने की प्रक्रिया जारी है। मंत्रालय ने पुष्टि की है कि हालिया घटनाओं में अब तक कुल 5 भारतीयों की मौत हुई है और 1 लापता है, जिनकी तलाश जारी है।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.