Sai river drowning Jaunpur

जौनपुर/जलालपुर : नदी में डूबने से युवक की मौत | The Politics Again

“जलालपुर में सई नदी में नहाते समय गहरे पानी में डूबने से 28 वर्षीय युवक की मौत, पसरा मातम “

जलालपुर : द  पॉलिटिक्स अगेन : मंगेश प्रजापति की रिपोर्ट 

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। बुधवार की शाम सई नदी में दोस्तों के साथ स्नान करने गए एक 28 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद से मृतक के परिवार और पूरे बीबनमऊ गांव में मातम पसरा हुआ है।

दोस्तों के साथ सई नदी में नहाने गया था युवक

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा बुधवार शाम करीब 4:30 बजे बीबनमऊ गांव के पास स्थित हनुमान मंदिर के निकट सई नदी के घाट पर हुआ।

मृतक की पहचान बीबनमऊ गांव के ही निवासी नानक उर्फ अवनीश यादव (28 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अवनीश अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ नदी में नहाने के लिए गया था।

वापस लौटते समय गहरे पानी में फंसा

चश्मदीदों के मुताबिक, नहाते समय सभी दोस्त एक बार तैरकर नदी के उस पार चले गए थे। लेकिन जब वे वहां से वापस लौट रहे थे, तभी अवनीश यादव अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी में ओझल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मिला शव

ग्रामीणों की सूचना पर जलालपुर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से सई नदी में युवक की तलाश शुरू की।

करीब दो घंटे की कड़ी खोजबीन के बाद गोताखोरों को सफलता मिली और डूबने वाले स्थान से लगभग 200 मीटर दूर इजरी गांव की तरफ अवनीश का शव बरामद किया गया।

शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.