जौनपुर : 55 वर्षीय ललई यादव की पीट-पीटकर हत्या | The Politics Again
“जौनपुर में सनसनीखेज वारदात: लाइन बाजार में 55 वर्षीय ललई यादव की पीट-पीटकर हत्या, बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस “
जौनपुर : द पॉलिटिक्स अगेन : सुनील कुमार की रिपोर्ट
“उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से अपराध की एक बड़ी और दहला देने वाली खबर सामने आई है” शहर के व्यस्ततम लाइन बाजार थाना क्षेत्र में बुधवार रात बेखौफ बदमाशों ने एक 55 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मियापुर प्राइमरी स्कूल के पास हुई वारदात
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 55 वर्षीय ललई यादव के रूप में हुई है। घटना बुधवार रात करीब 9:30 बजे की है।
ललई यादव मियापुर प्राइमरी स्कूल के पास से गुजर रहे थे, तभी अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और उन पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने उन्हें इतनी बुरी तरह पीटा कि वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय लोग
मारपीट के दौरान ललई यादव की चीख-पुकार सुनकर आसपास के स्थानीय लोग मौके की तरफ दौड़े। लोगों को आता देख हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने ललई यादव को गंभीर और मरणासन्न हालत में देखा और बिना देर किए उन्हें तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही लाइन बाजार थाने की पुलिस तुरंत मौके पर और अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी गई है।फिलहाल इस निर्मम हत्या के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।
पुरानी रंजिश या किसी तात्कालिक विवाद के एंगल से पुलिस घटना के पीछे के असल मकसद का पता लगाने के लिए मामले की गहनता से जांच कर रही है।











