“इंस्टाग्राम वाला ‘इश्क’ और खौफनाक अंत: भदोही में 15 साल के छात्र ने वीडियो कॉल पर दी जान; 10 माह पहले की थी सीक्रेट शादी”
“उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है”
भदोही : The Politics Again : मंगेश प्रजापति की रिपोर्ट
गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के धनापुर दक्षिणी बस्ती में एक 15 वर्षीय हाईस्कूल के छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
चौंकाने वाली बात यह है कि मृतक छात्र ने महज 15 साल की उम्र में अपनी इंस्टाग्राम फ्रेंड के साथ गुपचुप तरीके से शादी कर ली थी और रविवार रात वीडियो कॉल पर विवाद के बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी दास्तां
मृतक छात्र रमेश कन्नौजिया का पुत्र था, जिसके माता-पिता और बहन मुंबई में रहते हैं। छात्र यहाँ अपने चाचा-चाची के साथ रहकर पढ़ाई कर रहा था।
बताया जा रहा है कि 10 माह पहले उसकी दोस्ती वाराणसी की एक किशोरी से इंस्टाग्राम पर हुई थी। दोनों ने परिजनों को बिना बताए शादी कर ली थी।
छात्र ने अपनी ‘पत्नी’ को जंगीगंज में एक कमरा किराए पर दिलाया था, जहाँ वह स्कूल जाने के बहाने रोज मिलने जाता था।
भाई-बहन बनकर रह रहे थे
मकान मालिक और आसपास के लोगों को भनक न लगे, इसके लिए दोनों ने खुद को भाई-बहन बताया था। छात्र अपने माता-पिता द्वारा भेजे गए खर्च के पैसों से कमरे का 2500 रुपये किराया भरता था।
वीडियो कॉल पर लाइव सुसाइड!
रविवार की रात इंस्टाग्राम पर दोनों के बीच वीडियो कॉल पर बात हो रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ।
किशोरी के अनुसार, वह कुछ देर के लिए पानी पीने उठी और जब लौटी तो देखा कि छात्र साड़ी का फंदा बनाकर लटक रहा था।
उसने तुरंत परिजनों को सूचना दी। जब तक परिजन कमरा तोड़कर अंदर पहुँचे, छात्र की मौत हो चुकी थी।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











