सोलन – नौणी विश्वविद्यालय कल मनाएगा 40वां स्थापना दिवस और 13वां दीक्षांत समारोह, 816 छात्रों को दी जाएँगी डिग्रियां

“डाॅ. यशवंत सिंह परमार उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी 1 दिसम्बर को अपना 40वां स्थापना दिवस मनाएगा। इसी दिन विश्वविद्यालय का 13वां दीक्षांत समारोह भी आयोजित किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति शिव प्रताप शुक्ल दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करेंगे। हिमाचल प्रदेश के राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी दीक्षांत भाषण प्रस्तुत करेंगे”

सोलन 30 / 11 / 2024 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

यह कार्यक्रम डॉ. एलएस नेगी सभागार में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राज्य के कई गण्यमान्य व्यक्ति शामिल होंगे। दीक्षांत समारोह के दौरान उद्यानिकी एवं वानिकी, बीटैक बायोटैक्नोलॉजी और एमबीए कार्यक्रमों में 495 स्नातक, और 222 स्नातकोत्तर और 99 डॉक्टरेट डिग्रियों सहित कुल 816 डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा,दीक्षांत समारोह के दौरान 12 स्वर्ण पदक और 461 मैरिट प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

औपचारिक रूप से तो विश्वविद्यालय की स्थापना 1 दिसम्बर, 1985 में हुई लेकिन विश्वविद्यालय का अस्तित्व सोलन के कृषि कॉलेज से जुड़ा है जो वर्ष 1962 में शुरू हुआ था। स्थापना के बाद से ही नौणी विश्वविद्यालय का शिक्षा, शोध और विस्तार में उत्कृष्टता का लंबा इतिहास रहा है। विश्वविद्यालय के छात्रों, वैज्ञानिकों और कर्मचारियों के संयुक्त प्रयासों से उद्यानिकी और वानिकी के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन हुआ है।