बद्दी – मानक हमें जीवन के सभी क्षेत्रों में बेहतरी प्रदान करते- विक्रमादित्य सिंह

“निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वैश्विक तथा राष्ट्रीय स्तर पर लोगों को उच्च स्तर की सुविधाएं, उत्पाद एवं सेवाएं प्रदान करने में मानकों की भूमिका महत्वपूर्ण है”
बद्दी 14 / 10 / 2024 नीतू कौशल की रिपोर्ट
विक्रमादित्य सिंह ने आज सोलन ज़िला के नालागढ़ उपमंडल के बद्दी में भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा विश्व मानक दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह की अध्यक्षता की।
शहरी विकास मंत्री ने कहा कि मानक हम सभी को गुणवत्तायुक्त जीवन प्रदान करने में महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि मनुष्य की आयु बढ़ाने और पृथ्वी पर पर्यावरण एवं जल संरक्षण की दिशा में स्थापित मानक विशेष भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि स्थापित मानक सबसे पहले विशेषज्ञों द्वारा परखे जाते हैं और फिर राष्ट्रीय स्तर पर उन्हें अपनाया जाता है। मानक हमें जीवन के सभी क्षेत्रों में बेहतरी प्रदान करते हैं।
उन्होंने सभी से आग्रह किया कि भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा स्थापित मूल्यों को जीवन में अपनाएं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वैश्विक व्यापार को सुविधाजनक बनाने में मानक अहम् भूमिका निभाते हैं।
अर्थव्यवस्था के लिए मानकीकरण आवश्यक है और इसके प्रति जागरूकता लाना नितांत आवश्यक है। शहरी विकास मंत्री ने कहा कि आज विश्व मानक दिवस है।
यह दिवस वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए मानकीकरण के महत्व के रूप में नियामकों, उद्योग और उपभोक्ताओं के बीच जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है।
उन्होंने कहा कि मानकों के तकनीकी लाभ हैं और इससे उत्पादों तथा सेवाओं को बेहतर बनाने तथा इनसे जुड़े उद्योगों को अधिक कुशल बनाने में सहायता मिलती है।
आज के प्रतियोगी समय में मानक न केवल उत्पादों को श्रेष्ठ बनाते हैं अपितु जन-जन को बेहतर सेवाएं प्रदान कर एक सुरक्षित समाज के निर्माण में भी उपयोगी भूमिका निभाते हैं।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मानक के माध्यम से आज पूरा विश्व एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है। रोज़मर्रा के जीवन से लेकर उच्च स्तर तक उपयोग में लाई जा रही प्रत्येक वस्तु एवं तकनीक स्थापित मानकों के कारण ही बेहतर परिणाम दे रही है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सभी क्षेत्रों में उचित गुणवत्ता प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित मानकों को अपनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग निर्माण की विभिन्न प्रक्रियाओं में मानकों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित बनाया जा रहा है। शहरी विकास विभाग आवास निर्माण प्रक्रिया में न केवल मानकों का पालन करता है अपितु पर्यावरण और जल संरक्षण के लिए अधोसंरचना निर्माण का भी ध्यान रखा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर अधिकारियों को कार्यों में उचित गुणवत्ता बनाए रखने तथा पहाड़ी क्षेत्रों में विकास के अनुरूप मानकों का पालन सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य की समस्याओं के स्थाई समाधान के लिए सतत् प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि 12 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किए जा रहे सरसा पुल, 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन 50 बिस्तर वाले नागरिक अस्पताल बद्दी तथा 04 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बरोटीवाला का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण होगा।
उन्होंने कहा कि इन सभी निर्माण कार्यों का मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा लोकार्पण किया जाएगा ताकि क्षेत्र के लोग इनसे लाभान्वित हो सकें। उन्होंने इस अवसर पर मानक स्थापना में उत्कृष्ट कार्य के लिए उत्कृष्टता पुरस्कार भी प्रदान किए।
मुख्य संसदीय सचिव (उद्योग, राजस्व एवं नगर नियोजन) राम कुमार चौधरी ने बद्दी में पहली बार विश्व मानक दिवस आयोजित करने के लिए आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्र को पूरे विश्व में अपने औद्योगिक विकास के लिए जाना जाता है।
उन्होंने कहा कि यहां तैयार उत्पाद की समूचे विश्व में अलग पहचान है। उन्होंने आशा जताई कि यहां कार्यरत उद्योग उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने में सदैव प्रयासरत रहेंगे।
भारतीय मानक ब्यूरो परवाणु के प्रभारी एस.सी. नायक ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और भारतीय मानक ब्यूरो की कार्य प्रणाली की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
भारतीय मानक ब्यूरो परवाणु में कार्यरत वैज्ञानिक विक्रम अचले व साहिल भाटिया ने मानक ब्यूरो से संबंधित जानकारी दी। तकनीकी सत्र में अल्ट्राटेक सीमेंट बग्गा, सोलन के प्रमुख नितेश निराला, जेएसडब्ल्यू स्टील कोटेड प्रोडक्ट्स राजपुरा के महाप्रबंधक और क्वालिटी हैवेल्स इंडिया लिमिटेड बद्दी, सोलन के उप-महाप्रबंधक गगनदीप सिंह ने औद्योगिक क्षेत्र में अपनाए जा रहे मानकों के संबंध में जानकारी प्रदान की।
नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा, पुलिस अधीक्षक बद्दी इलमा अफ़रोज़, उप-पुलिस अधीक्षक अभिषेक, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अजय शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्योगपति एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे
Santosh SETH

Recent Posts

गृह मंत्रालय : शहजाद भट्टी नेटवर्क UAPA के तहत आतंकी संगठन घोषित

गृह मंत्रालय की बड़ी कार्रवाई: 'शहजाद भट्टी नेटवर्क' UAPA के तहत आतंकी संगठन घोषित, अमित…

15 hours ago

PMAY-U 2.0: 1.25 करोड़ घर स्वीकृत, महिलाओं के नाम हुए 1 करोड़ मकान

प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी (PMAY-U): 1.25 करोड़ घरों की स्वीकृति, 'PMAY-U 2.0' से समावेशी विकास और…

1 day ago

होम्योपैथी मानसिक स्वास्थ्य अनुसंधान और इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगी नई रफ्तार

NHRIMH कोट्टायम: होम्योपैथी मानसिक स्वास्थ्य अनुसंधान और इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगी नई रफ्तार, वित्त समिति ने…

1 day ago

कैबिनेट का बड़ा फैसला : EPFO वेतन सीमा बढ़कर हुई ₹25,000

EPFO में बड़ा बदलाव: वेतन सीमा ₹15,000 से बढ़ाकर हुई ₹25,000, 51 लाख नए कर्मचारियों…

1 day ago

लोलार्क छठ: वाराणसी के प्राचीन कुंड में संतान प्राप्ति के लिए उमड़ी आस्था

लोलार्क छठ 2026: संतान प्राप्ति के लिए प्राचीन लोलार्क कुंड में आस्था की डुबकी, 10…

1 day ago

मेरठ में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर चला बुलडोजर, 6 व्यावसायिक भवन ध्वस्त

मेरठ: सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर शास्त्री नगर सेंट्रल मार्केट में चला बुलडोजर, 44 सील…

1 day ago