उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आज गौतमबुद्ध नगर में इंटरनेशनल ट्रेड शो के दूसरे संस्करण का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर केन्द्रीय एमएसएमई मंत्री जितिन राम मांझी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी शामिल होंगे”
गौतमबुद्ध नगर 25 / 09 / 2024 संतोष सेठ की रिपोर्ट
पांच दिवसीय ट्रेड शो का समापन 29 सितंबर को होगा। प्रदेश के एमएसएमई मंत्री राकेश सचान ने गौतमबुद्ध नगर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि यह आयोजन विश्व पटल पर ब्रांड यूपी की पहचान बन गया है। यह कार्यक्रम प्रदेश के व्यापार और संस्कृति को प्रदर्शित करेगा।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में वियतनाम एक भागीदार देश रहेगा। राकेश सचान ने बताया कि इस ट्रेड शो में 2500 स्टाल्स एवं प्रदर्शनियों के माध्यम से देश-दुनिया के सामने उत्तर प्रदेश के हुनर को प्रदर्शित किया जा रहा है।
अब तक 70 देशों के 350 से अधिक क्रेताओं द्वारा अपना प्रतिभाग करने हेतु पंजीकरण कराया जा चुका है, यह संख्या और भी बढ़ेगी।
आयोजन में 3,50,000 से अधिक का फुट फाल होने की संभावना है, जो विगत वर्ष से भी अधिक है। इंडियन काउंसिल फॉर कल्चरल रिलेशंस के सहयोग से वियतनाम, बोलीविया, रूस, वेनेजुएला, मिश्र एवं कजाकिस्तान के सांस्कृतिक ग्रुप्स द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के परम्परागत परिवेश एवं परिधान को दुनिया के सामने एक फैशन शो के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। फैशन शो में वस्त्र मंत्री, भारत सरकार गिरिराज किशोर शामिल होंगे।
समापन समारोह में पीयूष गोयल, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री भारत सरकार द्वारा सम्मिलित होकर उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में अपने प्रेरणा वचनों से उत्साहवर्धन करेंगे।
यूपीआईटीएस 2024 में भारत सरकार का पूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है जिसके कारण उत्तर प्रदेश में निवेश के अपार संभावनाएं सृजित हो रही हैं एवं यह आयोजन इसी सहयोग के सहारे नित नए आयाम छू रहा है।
इसमें ओडीओपी, खादी एवं ग्रामोद्योग, ग्राम्य विकास तथा संस्कृति एवं सूचना विभाग द्वारा विभिन्न प्रदर्शनियों के माध्यम से अपनी उपलब्धियों को शो केस किया जा रहा है।