यूपी दिवस पर अमित शाह की बड़ी सौगात: लॉन्च की ‘एक जिला-एक व्यंजन’ (ODOC) योजना, विपक्ष पर जमकर बरसे
“उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस (यूपी दिवस) के अवसर पर शनिवार को राजधानी लखनऊ में जश्न का माहौल रहा। ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ पर आयोजित तीन दिवसीय भव्य कार्यक्रम का उद्घाटन करने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पहुंचे”
लखनऊ | The Politics Again संतोष सेठ की रिपोर्ट
इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश को लेकर एक बड़ा विजन डॉक्यूमेंट पेश किया और राज्य की सांस्कृतिक व आर्थिक प्रगति के लिए दो महत्वपूर्ण योजनाओं— ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ (ODOC) और ‘सरदार पटेल योजना’ का शुभारंभ किया।
अमित शाह ने अपने संबोधन में विरोधियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि परिवारवादी पार्टियां यूपी का कल्याण नहीं कर सकतीं, जबकि डबल इंजन की सरकार ने राज्य की तस्वीर बदल दी है।
ODOC
अब दुनिया चखेगी यूपी के हर जिले का स्वाद ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) की अपार सफलता के बाद, गृहमंत्री ने ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ (ODOC) योजना लॉन्च की।
-
मकसद: हर जिले के पारंपरिक खाने (जैसे- लखनऊ की चाट, मथुरा के पेड़े, आगरा का पेठा आदि) को वैश्विक पहचान दिलाना।
-
फायदा: इससे हलवाइयों, छोटे खाद्य उद्यमियों और स्थानीय कारीगरों को अंतरराष्ट्रीय बाजार मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
2047 का विजन: यूपी बनेगा भारत का ग्रोथ इंजन
गृहमंत्री ने कहा, “15 अगस्त 2047 को जब देश आजादी का शताब्दी वर्ष मनाएगा, तब उत्तर प्रदेश एक पूर्ण विकसित राज्य होगा। यूपी भारत की धड़कन और आत्मा है। पहले इसे ‘बीमारू’ राज्य कहा जाता था, लेकिन आज यह देश के विकास का इंजन बन गया है।”
कूड़े के ढेर से ‘प्रेरणा स्थल’ तक का सफर कार्यक्रम स्थल
‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ की तारीफ करते हुए शाह ने कहा, “मैं यहाँ पहली बार आया हूँ। 65 एकड़ की जिस जमीन पर आज तीन महान विभूतियों की मूर्तियां लगी हैं, वहां पहले कूड़े का पहाड़ हुआ करता था। योगी सरकार ने उस ‘कूड़े’ को ‘कंचन’ (सोने) में बदल दिया है। यह स्थल आने वाले दशकों तक राष्ट्र को दिशा देगा।”
इन विभूतियों का हुआ सम्मान
समारोह के दौरान गृहमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया। इनमें एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला, फिजिक्स वाला के अलख पांडेय, सुधांशु सिंह, रश्मि आर्य और प्रख्यात कवि हरिओम पंवार शामिल थे।
शाह ने कहा कि हरिओम पंवार जी को सम्मानित करना मेरे लिए गर्व की बात है, मैं उन्हें लंबे समय से सुनता आ रहा हूँ।
विपक्ष पर साधा निशाना: ‘परिवारवादी पार्टियों से रहें सावधान’
आगामी चुनावों का बिगुल फूंकते हुए अमित शाह ने कहा, “अगला साल चुनाव का साल है। सपा, बसपा और कांग्रेस ने यूपी को सालों तक पीछे धकेला। डकैती और लूट आम थी।
आज 15 लाख करोड़ की योजनाएं जमीन पर उतरी हैं। यूपी में देशभक्ति की लौ जागृत हो चुकी है। जाति-पंथ से ऊपर उठकर फिर से प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएं।”
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।











