‘बिहारी’ सुनकर भड़का स्पेशल सेल का हवलदार, मारी गोली; एक की मौत
दिल्ली: ‘बिहारी’ सुनकर भड़का स्पेशल सेल का नशेड़ी हवलदार, जोमैटो बॉय के सीने में उतारी 6 लाख की पिस्टल की गोली; एक की मौत, दूसरा गंभीर
नई दिल्ली (द्वारका): द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
राजधानी दिल्ली में रक्षक के भक्षक बनने का एक बेहद सनसनीखेज और खाकी को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है।
द्वारका जिले के जाफरपुर कलां इलाके में शनिवार आधी रात को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात एक नशे में धुत हवलदार ने क्षेत्रीय द्वेष (Regional Bias) के चलते दो युवकों को गोली मार दी।
इस खौफनाक वारदात में 23 वर्षीय पांडव कुमार की मौत हो गई, जबकि गोली आर-पार होकर पीछे बैठे उसके दोस्त कृष्ण के पेट में जा लगी, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
आरोपी हवलदार वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे थे युवक
घटना शनिवार देर रात करीब 2 बजे की है। मृतक की शिनाख्त पांडव कुमार (23) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से खगड़िया, बिहार का रहने वाला था और उत्तम नगर की प्रजापति कॉलोनी में परिवार के साथ रहकर जोमैटो (Zomato) में डिलीवरी बॉय का काम करता था।
-
पांडव अपने दोस्तों (कृष्ण, दीपक, छोटू किशन आदि) के साथ जाफरपुर कलां में रहने वाले दोस्त रूपेश कुमार के दो वर्षीय बेटे की बर्थडे पार्टी में आया था।
-
पार्टी खत्म होने के बाद रात करीब 2 बजे करीब 20 लोग बाहर मेन रावता रोड पर खड़े थे, जिनमें से कुछ कैब बुक कर जा चुके थे। पांडव और कृष्ण एक बाइक पर बैठे थे और रूपेश उन्हें छोड़ने के लिए वहां मौजूद था।
‘बिहारी’ शब्द सुनकर आग-बबूला हुआ हवलदार
तभी सामने रहने वाला दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल का हवलदार नीरज शराब के नशे में धुत होकर वहां पहुंचा और आधी रात को भीड़ लगाने का कारण पूछने लगा।
चश्मदीद रूपेश ने बताया कि हवलदार नीरज ने लड़कों से पूछा कि वे कहां के रहने वाले हैं। जैसे ही पांडव ने बताया कि वह ‘बिहार’ का रहने वाला है, नीरज अचानक आग-बबूला हो गया और भद्दी गालियां देने लगा।
-
आरोपी के बोल: नशे में धुत नीरज ने क्षेत्रीय द्वेष निकालते हुए कहा,
-
“बिहारी लूटकर मकान बनाए जा रहे हैं और मेरे पास दो फुट जगह भी नहीं है।” इसके बाद वह अपनी 6 लाख रुपये की पिस्टल का रौब झाड़ने लगा।
सीने को चीरते हुए दूसरे के पेट में घुसी गोली
गाली-गलौज के बीच आरोपी नीरज ने अपनी सरकारी/निजी पिस्टल निकाल ली। उसने पहले पिस्टल पांडव के माथे पर रखी और फिर अचानक उसे पांडव के सीने से सटाकर ट्रिगर दबा दिया।
-
गोली इतनी करीब से मारी गई थी कि वह पांडव के सीने को चीरती हुई सीधे उसके पीछे बैठे कृष्ण के पेट में जा घुसी।
-
वारदात के बाद आरोपी सबको धमकाता हुआ फरार हो गया। पांडव को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया, जबकि कृष्ण का डीडीयू (DDU) अस्पताल में गंभीर हालत में इलाज चल रहा है।
आरोपी की पृष्ठभूमि और पुलिस की कार्रवाई
आरोपी हवलदार नीरज मूल रूप से गांव बाहू अकबरपुर, महम (रोहतक, हरियाणा) का रहने वाला है और वर्तमान में दक्षिण दिल्ली में स्पेशल सेल में तैनात है।
-
द्वारका जिला के पुलिस उपायुक्त (DCP) कुशल पाल सिंह ने बताया कि हत्या और हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) की धाराओं में FIR दर्ज कर ली गई है।
-
पुलिस चश्मदीदों के बयान और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
परिजनों का हंगामा, थाने का किया घेराव
पांडव की बेवजह हत्या से उसके परिवार (पिता गणेश सिंह, मां, भाई विकास) में भारी आक्रोश है। परिजनों का कहना है कि पांडव बेहद सीधा लड़का था और किसी से झगड़ा नहीं करता था।
महज ‘बिहारी’ होने के कारण उसे गोली मार दी गई। रविवार सुबह गुस्साए परिजनों ने जल्द गिरफ्तारी और फांसी की मांग को लेकर थाने का घेराव किया।
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त एक्शन लेने का आश्वासन देकर शांत कराया।











