जम्मू / कश्मीर – शोपियां में बादल फटने से भारी तबाही, पुल टूटा, मूसलाधार बारिश से जलभराव

“भारी बारिश के बीच मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने 18 और 19 अगस्त को राजोरी, रियासी, रामबन, जम्मू, उधमपुर, सांबा और कठुआ जिले में येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 64 से 115 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है”

जम्मू / कश्मीर 08 अगस्त 2024 मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार

जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में शनिवार को भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। कश्मीर के शोपियां जिले के केलर इलाके में बादल फटने से एक पुल टूट गया।

यहां भारी बारिश से कई सड़कें नदी में तब्दील हो गईं। बाढ़ के कारण यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ। श्रीनगर में मूसलाधार बारिश से कई क्षेत्रों में जलभराव रहा।

खराब मौसम से कटड़ा-सांझीछत चॉपर सेवा बाधित रही। जम्मू-पुंछ हाईवे भूस्खलन के बाद बंद हो गया।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने 18 और 19 अगस्त को राजोरी, रियासी, रामबन, जम्मू, उधमपुर, सांबा और कठुआ जिले में येलो अलर्ट जारी किया है।

इन इलाकों में 64 से 115 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। श्रीनगर में शनिवार तड़के से मूसलाधार बारिश का सिलसिला दोपहर तक जारी रहा। इसके बाद भी रुक-रुक बारिश होती रही। इससे गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन कई इलाकों में जलभराव से आवाजाही प्रभावित हुई।

कश्मीर के अन्य कई जिलों में भी बारिश हुई है। गांदरबल जिले के हसनाबाद कंगन क्षेत्र में भारी बारिश के कारण परिवहन और सार्वजनिक आवाजाही बाधित रही।

एसडीएम कंगन बिलाल मुख्तार के अनुसार, निचले इलाकों से जमा पानी को निकालने के लिए उचित प्रयास किए जा रहे हैं।

शोपियां जिले में एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार बादल फटा है। इससे पहले 15 अगस्त को नौगाम में बादल फटने की घटना हुई थी।