महिला ने शौचालय के आवास में दिया बच्चे को जन्म, डॉक्टर पर भगाने आरोप
“जिला महिला अस्पताल में लापरवाही का मामला उजागर हुआ है। चिकित्सालय के सामने स्थित सार्वजनिक शौचालय के बगल में बने आवास में महिला ने बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया”
जौनपुर 23 / 11 / 2024 विक्की अग्रहरि की रिपोर्ट
सुबह परिजनों ने हंगामा किया। उनका आरोप है कि एक चिकित्सक ने बिना जांच ऑपरेशन करने के लिए खून की मांग की थी। असमर्थता जताने पर अस्पताल से भगा दिया गया था।
सरपतहां थानाक्षेत्र के वन गांव निवासी सतीश गौतम शहीद उमानाथ सिंह जिला चिकित्सालय के मुख्य द्वार पर स्थित सार्वजनिक शौचालय की देखभाल करते हैं।
इसी शौचालय के बगल में बने आवास में वह अपनी पत्नी गुड़िया और तीन बच्चों के साथ रहते हैं। गुरुवार की शाम करीब सात बजे गुड़िया (30) को प्रसव पीड़ा शुरू हुई तो सतीश पत्नी को लेकर महिला अस्पताल पहुंचे।
सतीश का कहना है कि अस्पताल में मौजूद पुरुष डाॅक्टर ने गुड़िया को देखा तो कहा कि खून की कमी है। खून की व्यवस्था कर लो, ऑपरेशन करना होगा।आरोप है कि जब डॉक्टर से कहा, हम खून कहां से ला पाएंगे तो उन्होंने भगा दिया। इस पर वह पत्नी को लेकर कमरे पर आ गया। करीब चार बजे गुड़िया को सामान्य प्रसव हुआ।