“ईरान में युद्ध की आहट: भारत ने जारी की ‘इमरजेंसी एडवाइजरी’, नागरिकों को तुरंत देश छोड़ने की सलाह; अमेरिका-ईरान तनाव चरम पर”
“पश्चिम एशिया (West Asia) में युद्ध के गहराते संकट के बीच भारतीय विदेश मंत्रालय ने सोमवार को एक बड़ी ‘सुरक्षा चेतावनी’ जारी की है”
नई दिल्ली/तेहरान : The Politics Again : संतोष सेठ की रिपोर्ट
भारत सरकार ने ईरान में रह रहे अपने सभी नागरिकों को किसी भी तरीके से तुरंत ईरान छोड़ने की सख्त सलाह दी है।
यह पिछले दो महीनों में दूसरी ऐसी एडवाइजरी है; इससे पहले 14 जनवरी को भी नागरिकों को देश छोड़ने को कहा गया था।
अमेरिका-ईरान के बीच ‘आमने-सामने’ की स्थिति
भारत की यह चिंताजनक एडवाइजरी ऐसे समय में आई है जब अमेरिका ने ईरान की सीमाओं के पास अपने दो शक्तिशाली युद्धपोत और लड़ाकू विमान तैनात कर दिए हैं।
जवाब में ईरान ने भी अमेरिका के सैन्य ठिकानों पर सीधे हमले की धमकी दी है। हालांकि दोनों देशों के बीच पर्दे के पीछे बातचीत जारी है, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है।
नागरिकों के लिए सख्त निर्देश
विदेश मंत्रालय ने एडवाइजरी में कहा है कि जो नागरिक अभी ईरान में हैं, वे:
- प्रदर्शन वाली जगहों से पूरी तरह दूर रहें।
- अपने पासपोर्ट और पहचान पत्र जैसे अप्रवासन दस्तावेजों को हमेशा साथ रखें।
- भारतीय दूतावास में अपना पंजीकरण (Registration) अनिवार्य रूप से कराएं।
- परिजनों को भी सलाह दी गई है कि वे दूतावास के जरिए अपने प्रियजनों की जानकारी साझा करें।
ईरान के भीतर भी उबाल
एक तरफ बाहरी युद्ध का खतरा है, तो दूसरी तरफ ईरान के भीतर भी विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। नया शैक्षणिक सत्र शुरू होते ही तेहरान यूनिवर्सिटी ऑफ आर्ट और साइंस एंड टेक्नोलॉजी जैसे संस्थानों में छात्रों ने काले कपड़े पहनकर बड़े प्रदर्शन किए।
आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर: किसी भी संकट की स्थिति में नागरिक इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं: 📞 +989128109115 | 989128109109 | 989128109102 | 989932179359 📧 ईमेल: cons.tehran@mea.gov.in












