समाधान दिवस: वकीलों की शिकायत पर डीएम के कड़े तेवर, लापरवाह नपेंगे
“डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने सुनी 82 फरियादें, मौके पर 7 का निस्तारण; 18 जनवरी को मतदाता सूची के लिए खुलेंगे सभी स्कूल”
ब्यूरो चीफ | [जौनपुर]
तहसील मड़ियाहूं के सभागार में आयोजित ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र का सख्त प्रशासनिक रुख देखने को मिला।
आम जनमानस की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के साथ-साथ उन्होंने तहसील परिसर की अव्यवस्थाओं पर भी अधिकारियों की क्लास लगाई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान दिवस महज औपचारिकता नहीं है, बल्कि यहां आने वाले हर पीड़ित को न्याय मिलना चाहिए।
इस दौरान कुल 82 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें से 7 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष के लिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
शौचालय की बदहाली पर भड़के डीएम, 7 दिन का अल्टीमेटम
समाधान दिवस के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने डीएम का ध्यान तहसील परिसर में शौचालयों की दयनीय स्थिति की ओर खींचा।
वकीलों ने बताया कि गंदगी और अव्यवस्था के कारण वादकारियों और अधिवक्ताओं को भारी परेशानी होती है। इस पर संज्ञान लेते हुए डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने अधिशासी अधिकारी (EO) को सख्त फटकार लगाई।
उन्होंने 7 दिन का अल्टीमेटम देते हुए निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर शौचालय की साफ-सफाई और मरम्मत सुनिश्चित करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
अवैध निर्माण और भूमि विवाद पर तुरंत एक्शन
डीएम ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मातहतों को दौड़ने के बजाय काम करने की नसीहत दी:
-
बसंतु मिश्रा (गोपालापुर): खेत में अवैध निर्माण की शिकायत पर एसडीएम को एक सप्ताह में जांच आख्या देने को कहा।
-
बेअंत कुमार (अहमदपुर): ग्रामीण सरहद विवाद पर एसडीएम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
-
सुरजीत कुमार (बीजोरा): पक्के रास्ते पर अवैध कब्जे को लेकर अधिकारियों को तुरंत अतिक्रमण हटवाने को कहा।
-
हरि मंगल प्रजापति (सुरेरी): भूमि विवाद के मामले में संबंधित थानाध्यक्ष को मौके पर जाकर निस्तारण करने का आदेश दिया।
18 जनवरी को महा-अभियान: फार्म-6 भरें और वोटर बनें
समाधान दिवस के मंच से डीएम ने जिलेवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 18 जनवरी 2026 (रविवार) को जनपद के सभी मतदान केंद्र और विद्यालय खुले रहेंगे।
-
क्या होगा खास: बीएलओ, प्रधान और कोटेदार की मौजूदगी में मतदाता सूची (आलेख्य प्रकाशन) पढ़कर सुनाई जाएगी।
-
किसे मिलेगा मौका: जिन युवाओं की उम्र 01 जनवरी, 01 अप्रैल, 01 जुलाई या 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे ‘एडवांस’ में फार्म-6 भरकर जमा कर सकते हैं।
-
अन्य फार्म: मृतक या नाम हटाने के लिए फार्म-7 और संशोधन या बूथ बदलने के लिए फार्म-8 भरा जाएगा।
केराकत में भी सुनी गई समस्याएं
उधर, तहसील केराकत में अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय अंबष्ट की अध्यक्षता में समाधान दिवस संपन्न हुआ।
मड़ियाहूं में इस अवसर पर एसडीएम, तहसीलदार, सीओ, बीएसए (BSA) और जिला विकास अधिकारी (DDO) सहित तमाम जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।











