लैंगिक समानता और महिला आर्थिक सशक्तीकरण की ओर बड़ा कदम। 25 नवंबर को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे 'नई चेतना 5.0' का शुभारंभ; 15 मंत्रालयों की संयुक्त परामर्शिका और हिंसा-मुक्त ग्राम पहल पर चतुर्पक्षीय MoU होगा जारी। (ग्राफिक्स: द पॉलिटिक्स अगेन)
महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और हिंसा-मुक्त गांवों की ओर बड़ा कदम: 25 नवंबर को होगा ‘नई चेतना 5.0’ का शुभारंभ, 15 मंत्रालय मिलकर जारी करेंगे संयुक्त परामर्शिका”
The Politics Again डेस्क (नई दिल्ली): संतोष सेठ
ग्रामीण विकास मंत्रालय अपने राष्ट्रीय लैंगिक समानता अभियान ‘नई चेतना – पहल बदलाव की’ के पांचवें संस्करण (नई चेतना 5.0) का शुभारंभ 25 नवंबर 2026 को करने जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि यह दिन ‘महिलाओं के विरुद्ध हिंसा के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।
दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के अंतर्गत संचालित यह राष्ट्रव्यापी अभियान एक माह तक यानी 25 नवंबर से 23 दिसंबर 2026 तक चलेगा।
इस राष्ट्रीय अभियान का औपचारिक उद्घाटन केंद्रीय ग्रामीण विकास तथा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन 25 नवंबर को शाम 4:00 बजे नई दिल्ली के पूसा स्थित एनएएससी (NASC) कॉम्प्लेक्स के भारत रत्न सी. सुब्रमण्यम ऑडिटोरियम में किया जाएगा।
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी
विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल
सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश एवं राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति विक्रम नाथ
ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान और ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी
इसके अलावा संबंधित मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी, राज्य सरकारों के प्रतिनिधि, विकास साझेदार और देशभर के सामुदायिक संस्थानों से जुड़ी महिला प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल होंगी।
नई चेतना 5.0 का विषय “पहुंच से अधिकारिता तक: विकसित भारत के लिए आजीविका और समान अवसरों के माध्यम से महिलाओं का सशक्तीकरण” रखा गया है।
महिला आर्थिक सशक्तीकरण को केंद्र में रखते हुए अभियान में चार परस्पर जुड़े क्षेत्रों पर विशेष जोर दिया जाएगा:
महिलाओं को आर्थिक योगदानकर्ता के रूप में मान्यता देना।
संपत्तियों तक उनकी पहुंच और उन पर नियंत्रण को मजबूत करना।
महिलाओं के लिए सुरक्षित आवागमन को बढ़ावा देना।
अवैतनिक देखभाल (Unpaid Care) कार्यों की जिम्मेदारियों का समान वितरण सुनिश्चित करना।
अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाने तक सीमित न रहकर आजीविका के अवसरों, बाजारों, वित्तीय सेवाओं और सार्वजनिक स्थलों तक महिलाओं की पहुंच में आने वाली बाधाओं को दूर करना है।
शुभारंभ कार्यक्रम के दो सबसे बड़े आकर्षण अंतर-मंत्रालयी समन्वय और कानूनी सहायता तंत्र को मजबूत करना हैं:
15 मंत्रालयों/विभागों की संयुक्त परामर्शिका: कार्यक्रम में 15 मंत्रालयों और विभागों द्वारा संयुक्त रूप से जारी अंतर-मंत्रालयी परामर्शिका प्रस्तुत की जाएगी।
यह परामर्शिका राष्ट्रीय, राज्य, जिला और सामुदायिक स्तर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं व नेटवर्क को महिलाओं की आजीविका, संपत्ति, वित्तीय सेवाओं और सुरक्षित आवागमन के लक्ष्यों से जोड़ने की रूपरेखा देगी।
हिंसा-मुक्त ग्राम पहल पर चतुर्पक्षीय समझौता ज्ञापन (MoU): इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्रालय, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, न्याय विभाग और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के बीच हस्ताक्षरित चतुर्पक्षीय समझौता ज्ञापन का विमोचन किया जाएगा।
इसका उद्देश्य सामुदायिक स्तर पर लैंगिक आधारित हिंसा को रोकना और प्रभावित महिलाओं को कानूनी जागरूकता व समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराना है।
अभियान के क्रियान्वयन में स्वयं सहायता समूह (SHGs), ग्राम संगठन, क्लस्टर स्तरीय संघ और जेंडर रिसोर्स सेंटर अहम भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम के दौरान नए जेंडर रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन किया जाएगा,
जो सरकारी योजनाओं, सहायता प्रणालियों और शिकायत निवारण के लिए प्रमुख मंच के रूप में काम करेंगे।
साथ ही नई चेतना 4.0 की मूल्यांकन रिपोर्ट और अभियान से जुड़े वीडियो संसाधन भी जारी किए जाएंगे।
पहली चर्चा: “जेंडर रिसोर्स सेंटर, वन स्टॉप सेंटर, विधिक सेवा प्राधिकरण और स्वास्थ्य प्रणाली के माध्यम से मंत्रालयों के बीच समन्वय को आगे बढ़ाना।”
दूसरी चर्चा: “मैदान से महिला नेतृत्व: अनुभव, नवाचार और भविष्य की दिशा।”
वर्ष 2022 में शुरू हुआ ‘नई चेतना’ अभियान अब लैंगिक समानता को बढ़ावा देने वाले एक राष्ट्रव्यापी सामूहिक आंदोलन का रूप ले चुका है।
नई चेतना 5.0 में भेदभावपूर्ण सामाजिक मान्यताओं को चुनौती देने और साझा जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों, लड़कों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
जौनपुर: डॉ. अतुल सिंह मुन्ना बने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुरई) के जिलाध्यक्ष, आदर्श…
सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ भारत की ऐतिहासिक छलांग: 9 महीने से कम में लगीं 1…
भारत में 49.60 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर, गरीबी दर 57.70% से घटकर 16.10%…
वैश्विक मंच पर बढ़ा भारत का कद: एशिया पावर इंडेक्स 2026 में रूस-जापान को पछाड़कर…
नई दिल्ली में नेपाल के PM बालेंद्र शाह से मिले विदेश मंत्री एस जयशंकर: भारत-नेपाल…
यूपी चुनाव 2027 और मुस्लिम सियासत का नया समीकरण: आजम खान की रिहाई बनाम ओवैसी-चंद्रशेखर…