काशी रेलवे स्टेशन बनेगा विश्वस्तरीय। रेलमंत्री ने विकास कार्यों का लिया जायजा, वाराणसी को मिली 10 नई मेमू ट्रेनों की सौगात। (ग्राफिक्स: द पॉलिटिक्स अगेन)
काशी रेलवे स्टेशन का होगा कायाकल्प: रेलमंत्री ने 349 करोड़ के पुनर्विकास प्रोजेक्ट का किया निरीक्षण, मिली 10 नई मेमू ट्रेनों की सौगात”
The Politics Again डेस्क: संतोष सेठ
बनारस रेलवे स्टेशन पर देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन के मौके पर पहुंचे केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने काशी रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों और गंगा नदी पर बनने वाले बहुप्रतीक्षित ‘नमो गंगा रेल-सह-सड़क पुल’ (सिग्नेचर ओवरब्रिज) का गहन निरीक्षण किया।
इस दौरान रेलमंत्री ने अधिकारियों से स्टेशन पर विश्वस्तरीय यात्री सुविधाओं और नए स्टेशन भवन के निर्माण की विस्तार से जानकारी ली।
इसके साथ ही, स्थानीय यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए 10 नई मेमू (MEMU) ट्रेनों के संचालन की भी शुरुआत की गई।
काशी रेलवे स्टेशन को आधुनिक और यात्री अनुकूल बनाने के लिए बड़े पैमाने पर काम चल रहा है।
लागत: स्टेशन पुनर्विकास परियोजना की अनुमानित लागत 349.50 करोड़ रुपये है, जबकि कार्य का आवंटन 304.61 करोड़ रुपये में हुआ है।
प्लेटफॉर्म और ट्रैक: वर्तमान में 4 रेलवे ट्रैक की संख्या बढ़ाकर 10 की जाएगी। दो नए प्लेटफॉर्म के निर्माण से कुल 6 प्लेटफॉर्म हो जाएंगे, जिनकी लंबाई 600 मीटर होगी।
स्टेशन भवन: स्टेशन के उत्तर और दक्षिण में दो आधुनिक G+2 (ग्राउंड प्लस दो मंजिल) भवनों का निर्माण होगा।
सुविधाएं: 10,622 वर्ग मीटर का विशाल कॉनकोर्स, 9 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज, 30 लिफ्ट और 23 एस्केलेटर लगाए जाएंगे।
यात्री क्षमता: वर्तमान 1,954 यात्री प्रतिदिन की क्षमता बढ़कर 13,261 हो जाएगी। ट्रेनों की आवाजाही भी 16 जोड़ी से बढ़कर 36 जोड़ी हो सकेगी।
रेलमंत्री ने काशी रेलवे स्टेशन के पास गंगा पर बनने वाले नए रेल-सह-सड़क पुल का भी निरीक्षण किया।
करीब 1,074.6 मीटर लंबे इस महामना रेलवे ब्रिज की अनुमानित लागत 1,380.87 करोड़ रुपये है। इसमें कुल 10 स्पैन और 11 सब-स्ट्रक्चर बनाए जा रहे हैं।
दीवाली और छठ पूजा से ठीक पहले, स्थानीय यात्रियों, किसानों, अधिवक्ताओं और व्यापारियों को बड़ी सौगात मिली है। रविवार से रेलवे ने 10 नई मेमू (MEMU) ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया है।
वाराणसी सिटी से राजातालाब (20 किलोमीटर की दूरी) के बीच हर दिन 8 मेमू ट्रेनें चलेंगी।
बनारस से प्रयागराज रामबाग तक नई मेमू ट्रेन शुरू की गई है।
रामबाग से बनारस तक चलने वाली ट्रेन का विस्तार औड़िहार तक कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि इससे दो आध्यात्मिक और शैक्षणिक शहरों (काशी और प्रयागराज) का संपर्क मजबूत होगा और राजातालाब सब्जी मंडी/प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर के लिए आवागमन बेहद आसान हो जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्पष्ट विजन और दृढ़ संकल्प के कारण आज काशी के स्टेशनों पर सफाई और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हैं।
पूरे उत्तर प्रदेश में 157 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है, जिससे यात्रियों का सफर न केवल आरामदायक बल्कि पूरी तरह सुरक्षित भी हो गया है।
इस अवसर पर रेलमंत्री के साथ उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर, रवींद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
'जब जमीन ही खिसक गई, तो अंगद का पैर कहां रखेंगे?': रामलीला मैदान से अखिलेश…
'राहुल गांधी की रैली सुपर फ्लॉप, 40% रामलीला मैदान खाली था': INDIA गठबंधन के शक्ति…
दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन का शक्ति प्रदर्शन: राहुल गांधी का बड़ा हमला,…
राहुल गांधी का 'दिल्ली मार्च' आज: रामलीला मैदान में 10 लाख लोगों के साथ INDI…
UP MLC चुनाव परिणाम: भाजपा की जीत में छिपे हार के संकेत? 2027 से पहले…
जेल से बाहर आते ही आजम खान पर ED का शिकंजा: रामपुर जेल के गेट…