जौनपुर : अब जलालगंज स्टेशन पर भी रुकेगी सुपरफास्ट शटल एक्सप्रेस

” मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज की मेहनत लाई रंग: जलालगंज स्टेशन पर रुकेगी सुपरफास्ट शटल एक्सप्रेस, 6 मार्च से मिलेगी राहत “

जौनपुर : द पॉलिटिक्स अगेन : वरुण यादव की रिपोर्ट 

जौनपुर और मछलीशहर क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी और खुशियों भरी खबर है। क्षेत्रीय सांसद प्रिया सरोज के लगातार प्रयासों के बाद अंततः सुपरफास्ट शटल एक्सप्रेस ट्रेन का जलालगंज रेलवे स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित हो गया है।

मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने मंगलवार को सांसद प्रिया सरोज को पत्र भेजकर इस बात की आधिकारिक पुष्टि की है। यह नया ठहराव 6 मार्च से प्रभावी हो जाएगा।

क्या होगी ट्रेन की टाइमिंग ?

रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, वाराणसी से चलने वाली सुपरफास्ट शटल एक्सप्रेस सुबह 6 बजकर 26 मिनट पर जलालगंज स्टेशन पहुंचेगी और एक मिनट के ठहराव के बाद 6 बजकर 27 मिनट पर अपने आगे के सफर के लिए प्रस्थान करेगी।

वहीं, वापसी में लखनऊ से चलकर यह ट्रेन रात 9 बजकर 23 मिनट पर जलालगंज स्टेशन पर रुकेगी और 9 बजकर 24 मिनट पर वाराणसी के लिए रवाना हो जाएगी।

आगामी 6 मार्च को खुद सांसद प्रिया सरोज जलालगंज स्टेशन पहुंचेंगी और लखनऊ जाने वाली इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी।

कोरोना काल के बाद से हो रही थी भारी परेशानी

जलालगंज में इस ट्रेन के ठहराव की खबर से पूरे क्षेत्र के लोगों और दैनिक यात्रियों में खुशी की लहर है।

गौरतलब है कि पहले लखनऊ आवागमन के लिए वरुणा एक्सप्रेस ट्रेन का सहारा हुआ करता था, लेकिन कोरोना काल में यह ट्रेन बंद कर दी गई थी। इसके बंद होने से क्षेत्रवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

यात्रियों को सुपरफास्ट शटल एक्सप्रेस पकड़ने के लिए भोर में ही जौनपुर सिटी स्टेशन भागना पड़ता था और रात को वापसी के समय भी अपने निजी वाहनों से जलालगंज स्थित घरों तक पहुंचना एक बड़ी चुनौती थी।

अब इस नए ठहराव से रोजमर्रा के यात्रियों, व्यापारियों और छात्रों को एक बड़ी सहूलियत मिलेगी।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.