CM Yogi Adityanath in Singapore

यूपी में निवेश की बहार: सीएम योगी के सिंगापुर दौरे के पहले दिन 19,877 करोड़ के MOU साइन, 20 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार

“उत्तर प्रदेश को ‘वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी’ बनाने के लक्ष्य के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलता मिली है”

द पॉलिटिक्स अगेन डेस्क

मुख्यमंत्री के सिंगापुर दौरे के पहले ही दिन यूपी में निवेश की झड़ी लग गई है। तीन प्रमुख अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने राज्य सरकार के साथ 19,877 करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापनों (MOU) पर हस्ताक्षर किए हैं।

इन मेगा प्रोजेक्ट्स के धरातल पर उतरने से प्रदेश में लगभग 20 हजार नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विदेशी निवेशकों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार निवेशकों को एक पारदर्शी नीतिगत ढांचा, त्वरित स्वीकृतियां और विश्वस्तरीय बुनियादी सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

किस कंपनी ने किया कितना निवेश?

  • यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप (6,650 करोड़ रुपये): इस ग्रुप ने ग्रुप हाउसिंग, लॉजिस्टिक पार्क और डेटा सेंटर परियोजनाओं में निवेश का प्रस्ताव दिया है। इससे शहरी विकास और डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर को भारी बूस्ट मिलेगा।

  • गोल्डन स्टेट कैपिटल – GSC (8,000 करोड़ रुपये): यह सिंगापुर स्थित कंपनी उत्तर प्रदेश में 100 मेगावाट क्षमता का एक विशाल डेटा सेंटर स्थापित करेगी। सीएम के साथ बैठक में रूफटॉप सोलर, बैटरी स्टोरेज और ईवी चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर पर भी चर्चा हुई।

  • प्राइवेट इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट ग्रुप – PIDG (2,500 करोड़ रुपये): यह कंपनी नवीकरणीय ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन और कृषि सह सोलर (एग्री-पीवी) परियोजनाओं में निवेश करेगी।

  • एवीपीएन लिमिटेड – AVPN (2,727 करोड़ रुपये): इस कंपनी ने भी नवीकरणीय ऊर्जा और एग्री-पीवी क्षेत्र में निवेश के लिए MOU साइन किया है।

यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप के 3 बड़े प्रोजेक्ट्स:

  1. जेवर में इंटरनेशनल थीम टाउनशिप: यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में जेवर एयरपोर्ट के पास 100 एकड़ में 3,500 करोड़ के निवेश से एक अंतरराष्ट्रीय थीम आधारित टाउनशिप बनेगी। 2027 में शुरू होने वाले इस प्रोजेक्ट से 12,000 लोगों को रोजगार मिलेगा।

  2. कानपुर-लखनऊ हाईवे पर लॉजिस्टिक्स पार्क: 50 एकड़ भूमि पर 650 करोड़ के निवेश से लॉजिस्टिक्स पार्क विकसित होगा, जिससे 7,500 रोजगार पैदा होंगे।

  3. नोएडा/ग्रेटर नोएडा में डेटा सेंटर: 10 एकड़ जमीन पर 40 मेगावाट का हाइपरस्केल डेटा सेंटर पार्क बनेगा। इसमें 2,500 करोड़ का निवेश होगा और 1,500 लोगों को रोजगार मिलेगा। यह 2028 में शुरू होगा।

कौशल विकास को मिलेगा ग्लोबल स्टैंडर्ड

निवेश के अलावा, प्रदेश के युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के लिए सिंगापुर के आईटीई एजुकेशन सर्विसेज (ITEES) के साथ भी एक अहम सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

यह संस्था शैक्षणिक विकास, बुनियादी ढांचे में सुधार और क्वालिटी एश्योरेंस में यूपी सरकार को तकनीकी सहयोग देगी, ताकि राज्य के युवाओं का कौशल वैश्विक मानकों (Global Standards) के अनुरूप हो सके।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.