5 राज्यों के चुनाव नतीजे आज: वोटों की गिनती शुरू
5 राज्यों के चुनाव नतीजे आज: बंगाल से तमिलनाडु तक सत्ता की चाबी किसके हाथ? 8 बजे से शुरू होगी वोटों की गिनती
नई दिल्ली: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
देश के पांच प्रमुख राज्यों—पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे आज (सोमवार) घोषित किए जाएंगे।
इसके साथ ही विभिन्न राज्यों की 8 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम भी सामने आएंगे। इन चुनावों के नतीजे भाजपा और कांग्रेस जैसी राष्ट्रीय पार्टियों के साथ-साथ टीएमसी, डीएमके और वामदलों जैसे क्षेत्रीय क्षत्रपों का राजनीतिक भविष्य भी तय करेंगे।
चुनाव आयोग (ECI) के अनुसार, वोटों की गिनती सुबह 8 बजे डाक मतपत्रों (पोस्टल बैलेट) के साथ शुरू होगी। इसके बाद ईवीएम (EVM) खोली जाएंगी।
चुनाव आयोग की नई पहल: QR कोड से ही मिलेगी एंट्री
मतगणना केंद्रों पर किसी भी तरह की अनधिकृत एंट्री रोकने और सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए चुनाव आयोग ने पहली बार ‘ईसीआईएनईटी’ (ECINET) के माध्यम से क्यूआर (QR) कोड आधारित फोटो पहचान पत्र प्रणाली लागू की है। हर मतगणना केंद्र पर त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा तैनात किया गया है।
पश्चिम बंगाल (293 सीटें): फलता सीट पर 21 मई को दोबारा वोटिंग
बंगाल में इस बार रिकॉर्ड 92.47% मतदान हुआ है। राज्य की 294 में से 293 सीटों पर वोटों की गिनती 77 केंद्रों पर की जा रही है।
दक्षिण 24 परगना जिले की ‘फलता’ सीट पर गड़बड़ी के कारण चुनाव रद्द कर दिया गया था, जहां अब 21 मई को दोबारा वोट डाले जाएंगे।
ममता बनर्जी लगातार चौथी बार सत्ता पर काबिज होने की कोशिश में हैं, जबकि भाजपा उन्हें कड़ी टक्कर दे रही है।
मतगणना केंद्रों पर रिटर्निंग अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को छोड़कर किसी को भी मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं है।
असम (126 सीटें): क्या लगेगी NDA की हैट्रिक?
असम में भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए (NDA) गठबंधन लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की उम्मीद कर रहा है।
35 जिलों में बनाए गए 40 मतगणना केंद्रों पर 722 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। सुरक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की 25 कंपनियां और राज्य पुलिस की 93 कंपनियां मुस्तैद हैं।
केरल (140 सीटें): वामदलों के अस्तित्व की सबसे बड़ी लड़ाई
केरल में इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प है। कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ (UDF) गठबंधन, सत्ताधारी वाम लोकतांत्रिक मोर्चे (LDF) को सत्ता से बेदखल करने का दावा कर रहा है।
वहीं, भाजपा (NDA) भी अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में है। अगर आज LDF हारता है, तो 1960 के दशक के बाद यह पहला मौका होगा जब देश के किसी भी राज्य में वामपंथी दल सत्ता में नहीं होंगे। राज्य के 140 केंद्रों पर 15,464 कर्मियों को मतगणना ड्यूटी पर लगाया गया है।
तमिलनाडु (234 सीटें): डीएमके को वापसी की उम्मीद, विजय की पार्टी पर भी नजर
तमिलनाडु में सत्ताधारी डीएमके (DMK) गठबंधन लगातार दूसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रहा है।
मुख्य मुकाबला डीएमके और एआईएडीएमके (AIADMK) के बीच है, लेकिन अभिनेता विजय की नई पार्टी (TVK) और सीमान की एनटीके भी मैदान में हैं।
62 मतगणना केंद्रों पर करीब 1.25 लाख कर्मियों को सुरक्षा और मतगणना के लिए तैनात किया गया है।
पुडुचेरी और 8 सीटों पर उपचुनाव
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में NDA और ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है। इसके अलावा गोवा, कर्नाटक, नगालैंड, त्रिपुरा, गुजरात और महाराष्ट्र की 8 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे भी आज ही घोषित किए जाएंगे, जहां मौजूदा विधायकों के निधन के कारण चुनाव हुए थे।
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम आज: 293 सीटों पर वोटों की गिनती शुरू, जानिए बहुमत का…
ग्रेट निकोबार प्रोजेक्ट: कांग्रेस बता रही 'विनाश', रक्षा विशेषज्ञ बोले- चीन के चक्रव्यूह का अचूक…
विवेक विहार अग्निकांड: मौत का जाल बनी इमारत, लोहे की ग्रिल और छत के ताले…
5 राज्यों के एग्जिट पोल: बंगाल और तमिलनाडु में चौंकाने वाले आंकड़े, असम-पुडुचेरी में NDA…
जौनपुर: जनसहभागिता से ही सफल होगा स्वगणना अभियान, 7 से 21 मई तक चलेगा विशेष…
हिमाचल बस हादसा: चलती बस के ड्राइवर को आया हार्ट अटैक, सड़क पर पलटी बस,…