“लखनऊ में ‘पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे’ पर मौत की रफ्तार: अनियंत्रित होकर पलटी तेज रफ्तार बस, 5 की मौत; कई यात्रियों की हालत नाजुक”
“उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोसाईगंज क्षेत्र में सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया”
लखनऊ :The Politics Again : वरुण यादव की रिपोर्ट
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर जौखंडी गांव के पास शाम करीब 4:30 बजे एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
इस दर्दनाक हादसे में अब तक 5 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस की रफ्तार बहुत तेज थी, जिसके कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सड़क पर कई बार पलटते हुए क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही गोसाईगंज पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुँची। पुलिस कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बस के शीशे तोड़कर और मलबे में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, घायल यात्रियों में से कई की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है।
यातायात हुआ प्रभावित
हादसे के कारण पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटाकर किनारे किया गया, जिसके बाद आवागमन सुचारू हो सका।
पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसा तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या चालक की लापरवाही के कारण।












