कमर्शियल LPG सिलेंडर ₹183.50 सस्ता, आज से नई दरें लागू
महंगाई के मोर्चे पर बड़ी राहत: कमर्शियल LPG सिलेंडर ₹183.50 हुआ सस्ता, जानें 1 जुलाई से गैस के नए रेट और क्यों गिरे दाम?
नई दिल्ली: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
लगातार बढ़ती महंगाई की मार झेल रहे रेस्टोरेंट, होटल, ढाबा और खाने-पीने के कारोबार से जुड़े लोगों के लिए आज (1 जुलाई) की सुबह एक बड़ी राहत लेकर आई है।
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों में 183.50 रुपये की भारी कटौती करने का ऐलान किया है।
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की ये नई कीमतें आज यानी 1 जुलाई, 2026 से देशभर में लागू हो गई हैं।
अब 2930 रुपये में मिलेगा 19 किलो वाला सिलेंडर
आज की इस ताजा कटौती के बाद अब 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत घटकर 2930 रुपये हो गई है।
-
पुरानी कीमत: इस कटौती से ठीक पहले, यह कमर्शियल सिलेंडर 3113.50 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर बिक रहा था।
घरेलू उपभोक्ताओं को इस बार भी कोई राहत नहीं
हालांकि, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने इस बार भी घरेलू उपभोक्ताओं को कोई सीधे राहत नहीं दी है।
घरों की रसोई में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई भी कटौती नहीं की गई है। इसकी कीमत अभी भी 942 रुपये पर ही स्थिर रखी गई है।
क्यों आसमान पर पहुंच गए थे गैस के दाम?
गैस की कीमतों में लगी इस आग के पीछे मुख्य कारण वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव था। इस साल 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद दुनियाभर में एक भीषण ऊर्जा संकट (Energy Crisis) पैदा हो गया था।
हमलों के जवाब में ईरान ने अपने नियंत्रण वाले ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ (Strait of Hormuz) से कच्चा तेल और लिक्विफाइड गैस लेकर जाने वाले व्यापारिक जहाजों की आवाजाही को पूरी तरह से बंद कर दिया था।
इस अहम मार्ग से सप्लाई बाधित होने के कारण पूरी दुनिया में पेट्रोल-डीजल के साथ-साथ गैस की कीमतों में जबरदस्त उछाल आ गया था।
4 महीनों में 1374.50 रुपये महंगा हुआ था कमर्शियल सिलेंडर
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से एनर्जी सप्लाई बाधित होने के बाद भारी नुकसान का हवाला देते हुए कंपनियों ने भारत में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में लगातार 4 बार बढ़ोतरी की थी:
-
मार्च: 144 रुपये की वृद्धि
-
अप्रैल: 195.50 रुपये की वृद्धि
-
मई: 993 रुपये का ऐतिहासिक उछाल
-
जून: 42 रुपये की वृद्धि
इस तरह, केवल 4 महीनों के भीतर 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में कुल 1374.50 रुपये की भारी बढ़ोतरी कर दी गई थी। अब हालात थोड़े सामान्य होने के बाद कीमतों में यह पहली कटौती की गई है।
घरेलू एलपीजी में भी हुई थी 89 रुपये की बढ़ोतरी
वैश्विक संकट का असर रसोई गैस पर भी पड़ा था। 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम भी दो बार में कुल 89 रुपये बढ़ाए गए थे।
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने सबसे पहले मार्च में घरेलू गैस के दाम में 60 रुपये की बढ़ोतरी की थी, और इसके बाद जून में भी इसे 29 रुपये महंगा कर दिया गया था।











