Pharma Companies UP

CM योगी ने 17 फॉर्मा कंपनियों को दिया ‘लेटर ऑफ कम्फर्ट’

यूपी में 17 फॉर्मा कंपनियों को मिला ‘लेटर ऑफ कम्फर्ट’, 2000 करोड़ के निवेश से 10 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार: CM योगी

लखनऊ: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

उत्तर प्रदेश को फार्मास्यूटिकल और मेडिकल डिवाइस मैन्युफैक्चरिंग का हब बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को 17 फॉर्मा कंपनियों को ‘लेटर ऑफ कम्फर्ट’ (LOC) प्रदान किया।

मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के औद्योगिक व स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक पड़ाव बताते हुए निवेशकों को आश्वस्त किया कि उत्तर प्रदेश में ‘सेफ्टी, स्टेबिलिटी और स्पीड’ (सुरक्षा, स्थिरता और गति) की पूरी गारंटी है।

प्रदेश अब पूरे देश में ‘ट्रस्ट व टाइमली डिलीवरी’ (भरोसा और समयबद्धता) के लिए पहचाना जा रहा है।

’25 करोड़ जनता के विश्वास से जुड़ा है निवेश’

मुख्यमंत्री ने निवेशकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में नए भारत का दर्शन हो रहा है और आज भारत 200 देशों को सस्ती व गुणवत्तापरक दवाइयां उपलब्ध करा रहा है।

  • रोजगार के बड़े अवसर: उन्होंने बताया कि रिसर्च एवं डेवलपमेंट (R&D) और फार्मा सेक्टर में आ रहा लगभग 2000 करोड़ रुपये का यह निवेश केवल एक व्यापार नहीं है, बल्कि यह यूपी की 25 करोड़ जनता के विश्वास के साथ जुड़ा है।

  • इस भारी-भरकम निवेश से उत्तर प्रदेश के 10 हजार से अधिक युवाओं को सीधा रोजगार मिलेगा।

बीमारू राज्य से ‘ग्रोथ इंजन’ बना यूपी, GSDP 36 लाख करोड़

सीएम योगी ने 2017 से पहले और आज के यूपी की तुलना करते हुए कहा कि पिछले 9 वर्षों में सरकार की ‘स्पष्ट नीति और साफ नीयत’ के कारण उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर निकलकर देश का ‘ग्रोथ इंजन’ बन गया है:

  • अर्थव्यवस्था में उछाल: यूपी का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गया है।

  • बढ़े कारखाने और निवेश: 2017 में यूपी में केवल 14 हजार कारखाने थे, जो आज बढ़कर 32 हजार हो गए हैं।

  • राज्य को अब तक 45 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ के प्रस्ताव धरातल पर उतारे जा चुके हैं और जल्द ही 7-8 लाख करोड़ के प्रोजेक्ट्स और शुरू होंगे।

  • स्वास्थ्य ढांचे में क्रांति: 2017 तक यूपी में 40 मेडिकल कॉलेज थे, आज यह संख्या बढ़कर 83 हो गई है और हर मेडिकल कॉलेज के साथ एक नर्सिंग कॉलेज भी जोड़ा गया है।

युवा वर्कफोर्स और बेहतरीन कानून व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने निवेशकों को बताया कि यूपी एक बहुत बड़ा मार्केट है और यहां उद्योगों के लिए पर्याप्त लैंडबैंक मौजूद है।

  • राज्य का 56 फीसदी वर्कफोर्स युवा है, जिन्हें स्किल, इनोवेशन व टेक्नोलॉजी से जोड़कर इंडस्ट्री के लिए तैयार किया गया है। वर्तमान में राज्य में 21 हजार से अधिक स्टार्टअप कार्य कर रहे हैं।

  • विकास की पहली शर्त ‘कानून व्यवस्था’ को बताते हुए सीएम ने कहा कि आज यूपी पॉलिसी पैरालिसिस से निकलकर ‘पॉलिसी स्टेबिलिटी’ (34 से अधिक सेक्टोरल पॉलिसी) तक पहुंच गया है।

  • निवेश मित्र, निवेश सारथी और उद्यमी मित्र जैसे पोर्टल निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण बना रहे हैं।

इन 17 निवेशकों को मिला लेटर ऑफ कम्फर्ट (LOC)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों जिन 17 फॉर्मा कंपनियों को लेटर ऑफ कम्फर्ट मिला और जो राज्य के विभिन्न जिलों में निवेश करेंगी, उनकी सूची इस प्रकार है:

  1. बायोजेंटा लाइफसाइंस प्रा. लि. (बाराबंकी) – ₹1250 करोड़

  2. रोमन्स मेडवल्र्ड प्रा. लि. (नोएडा) – ₹136.89 करोड़

  3. हाईग्लांस लेबोरेट्रीज प्रा. लि. (नोएडा) – ₹120 करोड़

  4. कोटेक हेल्थकेयर (गाजियाबाद) – ₹100 करोड़

  5. जेबी रेमेडीज प्रा. लि. (हाथरस/नोएडा) – ₹70 करोड़

  6. पॉजिट्रॉन बायोजेनिक्स प्रा. लि. (कानपुर) – ₹60.24 करोड़

  7. आईवी टेक हेल्थकेयर एलएलपी (अलीगढ़) – ₹56.12 करोड़

  8. जेबीजेएम पैरेंट्रल्स प्रा. लि. (ललितपुर) – ₹51 करोड़

  9. रास्पा फॉर्मा प्रा. लि. (रायबरेली) – ₹45.21 करोड़

  10. एनबीएस ग्रुप (सीतापुर) – ₹42.59 करोड़

  11. वेलनेस जेडक्योर फॉर्मास्यूटिकल्स प्रा. लि. (जालौन) – ₹11.65 करोड़

  12. कैमले इंडस्ट्रीज प्रा. लि. (सहारनपुर) – ₹10 करोड़

  13. रेडिकॉन लैबोरेट्रीज लि. (नोएडा) – ₹10 करोड़

  14. संजीवनी मेडिटेक प्रा. लि. (बरेली) – ₹7.95 करोड़

  15. सेफकॉन लाइफसाइंसेज प्रा. लि. (बरेली) – ₹6.43 करोड़

  16. आरएपी मेड सर्जिकल प्रोडक्ट्स (हाथरस) – ₹5.53 करोड़

  17. वोडा केमिकल प्रा. लि. (हापुड़) – ₹4.84 करोड़

फॉर्मा कंपनियों के प्रतिनिधियों ने यूपी सरकार की पारदर्शी नीतियों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उनका यह निवेश नई ऊंचाइयों को छुएगा।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.