जौनपुर: जमीन विवाद में खंभे से बांधकर वैद्य की पीट-पीटकर हत्या
जौनपुर में जमीन विवाद का खूनी अंजाम: पेड़ से बांधकर वैद्य की पीट-पीटकर हत्या, दोनों पक्षों के 10 लोग घायल; 8 पर FIR
जौनपुर: द पॉलिटिक्स अगेन : वरुण यादव की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बक्शा थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है।
यहां बभनौटी गांव में जमीन के पुराने विवाद को लेकर एक वैद्य (आयुर्वेदिक डॉक्टर) की लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
दबंगों ने हैवानियत की हदें पार करते हुए मृतक और उसके एक साथी को खंभे व पेड़ से बांधकर पीटा।
इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के कुल 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर 8 आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
चाचा से चल रहा था पुराना जमीनी विवाद
जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित बभनौटी गांव का है।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय अशोक मिश्र उर्फ पुल्लूर (पुत्र रमाकान्त मिश्रा) के रूप में हुई है। अशोक अपने गांव से 8 किमी दूर नईगंज बाजार में आयुर्वेदिक दवा की दुकान चलाते थे।
अशोक का अपने चाचा कमलाकांत मिश्र और शिवाकांत मिश्र के साथ मकान और जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
इसी विवाद और पूर्व में हुए झगड़ों के कारण अशोक अपने परिवार के साथ कलीचाबाद स्थित अपने दूसरे मकान में रहने लगे थे।
चाचा का दावा: 1 मई को बेटे की शादी, बाधा डालने आए थे अशोक
इस घटना को लेकर दूसरे पक्ष (चाचा) कमलाकांत मिश्र का कहना है कि 1 मई को उनके बेटे की शादी है और घर में रिश्तेदार इकट्ठा हैं।
उनका आरोप है कि अशोक पुरानी रंजिश के चलते इस शादी में बाधा डालना चाहता था। कमलाकांत के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 10:30 बजे अशोक अपने कुछ साथियों के साथ गांव आया।
यहां बंटवारे को लेकर कहासुनी हुई जो देखते ही देखते हिंसक हो गई और लाठी-डंडे चलने लगे। इस मारपीट में कमलाकांत के बेटे सुनील और भतीजे मृदुल समेत अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
खंभे और पेड़ से बांधकर की गई हैवानियत
वहीं, मृतक के भाई मनोज मिश्रा उर्फ आनंद ने बताया कि मारपीट के दौरान अशोक के साथ आए कुछ लोग डरकर भाग गए, लेकिन हमलावरों ने अशोक को एक खंभे से और उनके साथी अंकित मिश्रा को पेड़ से बांध दिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
यह खौफनाक मंजर देखकर मनोज ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस की सायरन सुनकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में तोड़ा दम, आरोपियों की तलाश में दबिश
मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नौपेड़वा भेजा, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इलाज के दौरान देर रात बुरी तरह घायल अशोक मिश्र की मौत हो गई। इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के 10 लोग घायल हैं, जिनमें से कुछ का इलाज जिला अस्पताल तो कुछ का बीएचयू (BHU) में चल रहा है।
बक्शा थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य (Evidence) भी कलेक्ट किए गए हैं।
मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर 8 आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। फिलहाल गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात है और शांति व्यवस्था कायम है।










